नपा ने पांच पोलों पर लगाई तिरंगा लाइट
शामली जेएनएन सुंदरीकरण के लिए नगर पालिका ने स्ट्रीट लाइटों के पोलों पर तिरंगा लाइट लगाई है। अभी ये कार्य सिर्फ पांच पोल पर किया गया है। नपा के अनुसार अगर शहरवासियों को यह पसंद आया तो सभी पोलों पर लाइटें लगवाई जाएंगी।
शामली, जेएनएन : सुंदरीकरण के लिए नगर पालिका ने स्ट्रीट लाइटों के पोलों पर तिरंगा लाइट लगाई है। अभी ये कार्य सिर्फ पांच पोल पर किया गया है। नपा के अनुसार अगर शहरवासियों को यह पसंद आया तो सभी पोलों पर लाइटें लगवाई जाएंगी।
शुक्रवार को नगर पालिका कर्मचारियों ने अग्रसेन पार्क से लेकर वर्मा मार्केट तिराहे तक स्ट्रीट लाइटों के पोलों पर लड़ियां लगाने का काम शुरू किया। लोग सोचते रहे कि अब तो कोई ऐसा पर्व भी नहीं आ रहा है, जिसमें शहर को सजाया जाए। शाम के वक्त जब पांच पोल पर लड़ियां लगाने का काम पूरा हुआ और केसरिया, सफेद और हरे रंग की लड़ियां जगमग हुई तो उस क्षेत्र की सुंदरता में जैसे चार चांद लग गए हों। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि ट्रायल के रूप में अभी पांच पोल पर भी तिरंगा लाइट लगाई गई है। अगर शहर के लोगों को यह पसंद आता है तो सभी पोल पर यह कार्य होगा। अब देखते हैं कि शहरवासियों की क्या प्रतिक्रिया आती है। वहीं, वर्मा मार्केट के दुकानदार अंबुज शर्मा का कहना है कि शहर में सुंदरीकरण के कार्य होने चाहिएं, लेकिन ऐसा न हो कि लाइटें लगाने के बाद इनकी कोई देखरेख न की जाए। शहर में कई जगहों पर सुंदरीकरण के फव्वारे बनाए गए थे, लेकिन इनकी हालत खराब है।