विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कृष्णा नदी के बाढ़ मैदान का ड्रोन सर्वे शुरू, एनजीटी के निर्देश पर वैज्ञानिक निर्धारण

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:13 PM (IST)

एनजीटी के निर्देश पर बाबरी क्षेत्र की कृष्णा नदी के बाढ़ मैदान का वैज्ञानिक निर्धारण करने के लिए ड्रोन सर्वे शुरू हो गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. एनजीटी के निर्देश पर कृष्णा नदी बाढ़ मैदान का सर्वे शुरू।

  2. यूपी भू-स्थानिक निदेशालय और भारतीय सर्वेक्षण विभाग कर रहे सर्वे।

  3. पर्यावरण संरक्षण और बाढ़ प्रबंधन योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम।

जागरण संवाददाता, शामली। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के निर्देश पर बाबरी क्षेत्र की कृष्णा नदी के बाढ़ मैदान (फ्लड प्लेन) के वैज्ञानिक निर्धारण के लिए गुरुवार सुबह से क्षेत्र में सर्वे कार्य शुरू हो गया। यह सर्वे उत्तर प्रदेश भू-स्थानिक निदेशालय तथा भारतीय सर्वेक्षण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ड्रोन से किया जा रहा है।

सर्वेक्षण के तहत बाबरी क्षेत्र में कृष्णा नदी के दोनों किनारों से लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित पांच गांवों हिरणवाड़ा, बाबरी, कैड़ी, बंतीखेड़ा और हाथी करौदा में मानचित्र बनाया जाएगा।

ड्रोन की सहायता से नदी के प्रवाह, भू-आकृति, जलभराव क्षेत्रों और बाढ़ प्रभावित भूभाग का सटीक आंकलन किया जाएगा, जिससे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण और बाढ़ प्रबंधन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से तैयार किया जा सके।

प्रोजेक्ट मैनेजर रविकांत ने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि सर्वे के दौरान उड़ रहे ड्रोन को लेकर किसी प्रकार के भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें। यह पूरी प्रक्रिया सरकारी स्तर पर निर्धारित मानकों के अनुरूप की जा रही है।

उन्होंने ग्रामीणों से सर्वेक्षण दल का सहयोग करने की अपील की, ताकि एनजीटी के निर्देशों के अनुसार कार्य समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

अपील के बावजूद लोग हुए भ्रमित

क्षेत्र की कृष्णा नदी के बाढ़ मैदान के सर्वे शुरू होते ही लोगो द्वारा क्षेत्र में उड़ रहे ड्रोन को देख कर लोग भ्रमित हो रहे है।क्षेत्र में लोगों द्वारा सर्वेक्षण के लिए उड़ रहे ड्रोन के बारे में तरह तरह की अफवाह फैलाई जा रही हैं।

बुधवार को भी जब बंतीखेड़ा के निकट ड्रोन का ट्रायल किया गया था, तब बंतीखेड़ा के मजरा गामड़ी निवासी किसी ग्रामीण द्वारा डायल 112 पर ड्रोन उड़ने की सूचना दी गई थी। पुलिस व प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को ड्रोन उड़ने के बारे में बताया गया।