फिर जाम के झाम में फंसे लोग
नगर में जाम की समस्या दिनों-दिन नासूर बनती जा रही है। हर रोज जाम लगने के कारण जनता हलकान हो गई है।
शामली, जेएनएन। नगर में जाम की समस्या दिनों-दिन नासूर बनती जा रही है। हर रोज जाम लगने के कारण जनता हलकान हो गई है। जाम से निपटने के लिए प्रशासन लाख दावे करता है, लेकिन हालात जस के तस ही है। सोमवार को धीमानपुरा फाटक से फव्वारा चौक तक लगे जाम के कारण लोगों का बुरा हाल रहा।
नगर में जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलती नहीं दिख रही है। हालात यह है कि आए दिन लगे जाम में लोग घंटों फंसे रहते हैं। गलत साइड से शहर में घुसने और भारी वाहनों के चलते यहां कई मर्तबा कई-कई घंटे जाम लगा रहता है। रविवार को धीमानपुरा फाटक से फव्वारा चौक तक जाम लगा रहा। हालांकि पुलिस व प्रशासन की मशक्कत के चलते जाम आधे घंटे बाद खुल गया, लेकिन यह सिलसिला एक दिन का नहीं है, बल्कि रोजाना कई बार ऐसे हालात रहते हैं। ट्रेन आने के समय जब फाटक बंद किया जाता है तो जाम लगना तय है। गन्ने के वाहनों से जाम में हालात बेकाबू हो जाते हैं। सोमवार को जाम के चलते स्कूली बच्चे और यात्री जाम में फंसे रहे। वर्मा मार्केट के निकट जाम के चलते वाहन सवारों में कई बार बहस भी हुई, जिससे मारपीट होते होते बची, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप व कड़ाई के चलते यह टल गया। लोगों ने मांग की है कि जाम की समस्या से निपटने के लिए फाटक पर पुल बनवाया जाए। यही समस्या का स्थायी हल है।