जाम से जूझता रहा शहर
जागरण संवाददाता, शामली : मिल में आई तकनीकी खराबी और धीमी गति ने शहर को तीन दिन से जाम
जागरण संवाददाता, शामली : मिल में आई तकनीकी खराबी और धीमी गति ने शहर को तीन दिन से जाम कर रखा है। मिल में आए गन्ने की पेराई नहीं होने से पूरे शहर में ट्रैक्टर-ट्रॉली व भैसा बुग्गियों में लदे गन्ने से पूरा शहर जाम हो गया। चारों ओर गन्ने से लदे वाहन खड़े होने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मिल का यार्ड भी गन्ने से भरे वाहनों से भर जाने से तौल बंद करनी पड़ी। मंगलवार को हालात यह रहे कि पूरे शहर में गन्ने से भरे वाहन ही दिखाई दिए और लोगों का सड़कों से गुजरना मुश्किल हो गया।
पिछले तीन दिन से मिल काफी धीमी गति से चल रहा है। वहीं कई बार तकनीकी खराबी आने के कारण कुछ समय बंद रहा। वहीं गन्ने भरे वाहन मिल में लगातार आ रहे है। जिस कारण पिछले तीन दिन से शहर सुबह से लेकर देर रात्रि तक जाम चल रहा है। जिसके चलते शहर की सड़कों पर वाहन लेकर चलना तो, दूर की बात पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। गन्ने से लदे वाहनों से शहर की तंग और पतली गलिया भी फुल रहीं। इससे शहर के अंदरुनी व बाहरी हिस्से में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पैदल चलने वालों को भी निकलने को जगह नहीं मिल रही थी। शहर के लोगों ने भी वाहनों पर बाजार में निकलना बंद कर दिया है। वह पैदल ही घूम रहे है। शहर के बाजार की कोई गली ऐसी नही बची, जहां बाइकों और ई-रिक्शाओं से फुल न हो। बाइक चालक जाम से बचने के लिए जिस गली से भी निकलता, वहीं जाम में फंस जाता।
ट्रैफिक पुलिस नहीं ले रही रुचि
शहर में पिछले तीन दिन से लग रहे जाम में ट्रेफिक पुलिस कोई खास रुचि नहीं ले रही है। जिसके चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग शहर में वाहन लेकर निकलने से पहले दस बार सोचते है। आड़े तिरछे लगे गन्ना वाहनों को भी पुलिस नहीं हटवा रही है। जो जाम का मुख्य कारण है।
स्कूल बसें और एंबुलेंस भी फंसी रही
मंगलवार को भी जाम में दोपहर के समय स्कूली बसें फंसी रही। बच्चों को वाहनों से ऊतरकर ही घर लौटना पड़ा। साइकिल पर आई छात्राओं को भी गन्ना वाहनों के बीच साइकिल लिटाकर निकलनी पड़ी। वहीं एंबुलेंस भी फंसी रही। ई-रिक्शा चालकों ने भी जाम के कारण सवारी बैठानी बंद कर दी। जिसके चलते यात्रियों को भारी भारी बैग पैदल ही खींचने पड़ रहे है।
शामली चीनी मिल में ने जारी नहीं किया इंडेट
शामली चीनी मिल ने मंगलवार को जाम की समस्या को देखते हुए, किसानों को गन्ना इंडेट जारी नहीं किया है। मिल अधिकारियों का कहना पिछले तीन दिनों से मिल की रफ्तार धीमी होने के कारण नगर में जाम लगा हुआ है। वहीं, किसान मिल में लगातार गन्ना ला रहे है। मंगलवार को किसानों को इंडेट जारी नहीं किया गया है। उनका कहना कि मंगलवार रात से हालात सामान्य हो जाएंगे।