गर्मी से पसीना-पसीना जिंदगी
जागरण संवाददाता, शामली: जैसे-जैसे मई माह गुजर रहा है गर्मी में लगातार इजाफा होता जा रहा ह
जागरण संवाददाता, शामली: जैसे-जैसे मई माह गुजर रहा है गर्मी में लगातार इजाफा होता जा रहा है। शनिवार को तेज गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी। सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटे की स्थिति रही। बाजार भी सूने पड़े रहे। सूरज के ताप से बचने को महिलाएं व बच्चे वैकल्पिक साधनों का प्रयोग करते दिखे। स्कूल से आने-जाने के दौरान बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाजारों में गर्मी से बचने को पेय पदार्थों की बिक्री में इजाफा हुआ। ऐसी दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई।
पिछले तीन दिन से मौसम में गर्माहट बढ़ती जा रही है। सुबह व शाम जहां बेहद ठंडक रहती है वहीं, दोपहर आते-आते गर्मी का प्रकोप बढ़ जाता है। इस दौरान तेज धूप लोगों के लिए अब असहनीय होने लगी है। दिन में समय के साथ ही बढ़ती गर्मी से आम आदमी परेशान है।
गर्मी का सबसे ज्यादा प्रकोप महिलाओं व बच्चों को सहना पड़ रहा है। तेज धूप में ही उन्हें स्कूल जाना पड़ रहा है। गर्मी तेज होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई हो रही है। धूप से बचने को बच्चे जहां छाता व अन्य साधनों का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं महिलाएं धूप से बचने को कपड़े से चेहरा ढककर निकल रही है।
गर्मी के कारण सड़कों पर दोपहर में सन्नाटे की स्थिति रहती है। अधिकांश लोग घरों में ही रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बाजारों में भी तेज धूप का असर दिख रहा है। यहां भी सूनापन नजर आ रहा है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है वैसे ही शीतल पेय पदार्थों की बिक्री में तेजी आयी है।
पेय पदार्थ की दुकानों पर महिलाओं व बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई है। मेहनतकश लोग तेज गर्मी में पसीना-पसीना हो रहे हैं।