बालिका की गला घोंटकर हत्या, दुष्कर्म का अंदेशा
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर पिता के लिए खाना लेकर खेत पर गई 11 वर्षीय बालिका की हत्या कर दी गई। बालिका के साथ दुष्कर्म का भी अंदेशा जताया गया है।
शामली, जेएनएन। गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर पिता के लिए खाना लेकर खेत पर गई 11 वर्षीय बालिका की हत्या कर दी गई। बालिका के साथ दुष्कर्म का भी अंदेशा जताया गया है। उसका शव ईख के खेत में पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव कर दिया। एसपी के आने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया। वारदात से गांव में तनाव बना है।
एक ग्रामीण सोमवार सुबह अपने खेत पर गया था। उसकी पत्नी ने बेटी को खाना लेकर खेत पर भेजा। लगभग 12 बजे बालिका घर से चली थी, लेकिन काफी देर बाद भी पिता के पास नहीं पहुंची। पिता ने गांव में परिजनों को सूचना कराई तो वह बेटी की तलाश में निकल पड़े। रात लगभग साढ़े आठ बजे अपने खेत से कुछ दूरी पर शव पड़ा मिला। गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। सीओ थानाभवन राजेश तिवारी व गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल से 200 मीटर की दूरी पर कबड्डी प्रतियोगिता चल रही थी। गांव के लोग इस घटना में प्रतियोगिता में आए किसी युवक का हाथ मान रहे हैं। थाना प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया कि शव पुलिस के कब्जे में है। परिजन पुलिस अधीक्षक के आने का इंतजार कर रहे हैं। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।