त्योहार पर खरीदारी को बाजार पहुंचे लोग, जाम
नवरात्र व अन्य पर्व नजदीक आते ही बाजारों में खरीददारी शुरू हो गई है। लोग सुबह बाजार खुलते ही खरीदारी करने के लिए पहुंच गए। जिससे नगर के बाजारों व सड़कों पर भीड़ रही और जाम के हालात भी बने रहे।
शामली, जेएनएन। नवरात्र व अन्य पर्व नजदीक आते ही बाजारों में खरीददारी शुरू हो गई है। लोग सुबह बाजार खुलते ही खरीदारी करने के लिए पहुंच गए। जिससे नगर के बाजारों व सड़कों पर भीड़ रही और जाम के हालात भी बने रहे। महिला पुलिस भी बाजार में अलर्ट रही।
इस बार नवरात्र एक माह देरी से शुरू हो रहे हैं। इस बार शक्ति की आराधना का यह पर्व 17 अक्टूबर शनिवार से शुरू होकर 25 अक्टूबर रविवार चक चलेगा। नौ दिन चलने वाले मां दुर्गा के नवरात्र के मद्देनजर बाजारों में भी विशेष तैयारी शुरू हो गई हैं। दुकाने मां दुर्गा की प्रतिमाओं और पूजा अर्चना के सामान से सज गई है। इसके इतर, अन्य पर्व भी पास में है। इसी के चलते लोगों ने खरीदारी शुरू की है और लोग खरीदारी करने के लिए सुबह बाजार खुलते ही बाजारों में पहुंच रहे है। सोमवार में सुबह से ही नगर के बाजारों में भीड़ देखने को मिली। विशेष तौर पर महिलाओं को खरीदारी करते हुए देखा गया। चूंकि बाजार में खरीदारी के लिए काफी लोग पहुंचे थे, उनके वाहन भी सड़क किनारे खड़े किए गए थे, जिस कारण बाजार की सड़क छोटी हो चली थी और बाजार में खरीदारों व वाहनों के कारण जाम के हालात बन भी गए थे। नगर के बड़ा बाजार,गांधी चौक, नया बाजार, नेहरू मार्केट में तो पैदल चलना भी दूभर हो रहा था। चौपहिया वाहन भी नगर में जाम लगाए हुए थे। हनुमानधाम रोड से धीमानपुरा रेलवे फाटक तक पहुंचने के लिए ही दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस भी अलर्ट रही।