विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में फर्जी ट्रेनिंग; कपूरथला में फर्जी ड्यूटी, 19,900 रुपये का वेतन भी फर्जी... नौकरी के नाम पर यूं की ठगी

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 13 Sep 2026 06:15 PM (IST)

शामली के एक युवक को भारतीय पुलिस प्रोटेक्शन फोर्स और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 4.66 लाख रुपये ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. शामली के युवक से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी।

  2. मैनपुरी में 15 दिन की फर्जी ट्रेनिंग कराई गई।

  3. कपूरथला में फर्जी ड्यूटी और वेतन का झांसा दिया।

संवाद सूत्र, झिंझाना (शामली)। गांव म्यान निवासी युवक को भारतीय पुलिस प्रोटेक्शन फोर्स और रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4.66 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने आखिरकार मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपितों ने पीड़ित को फर्जी एडमिट कार्ड थमाने के साथ ही मैनपुरी में 15 दिन की फर्जी ट्रेनिंग भी कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

एसपी से की गई शिकायत में म्यान निवासी विनोद कुमार ने बताया कि गांव के ही श्रवण पुत्र ब्रह्मपाल ने उनके बेटे जतिन की नौकरी लगवाने के नाम पर कुल 4.66 लाख रुपये की रकम हड़प ली। बताया कि 26 जून 2025 को विकास के खाते में 2,01,000 रुपये, नवल कुमार के खाते में 24,000 रुपये तथा श्रवण के खाते में 1,81,000 रुपये ट्रांसफर कराए गए थे। इसके अतिरिक्त 60,000 रुपये नकद दिए गए, जिसके पुख्ता बैंक विवरण पीड़ित के पास मौजूद हैं।

आरोप है कि इसके बाद श्रवण ने युवक को उत्तर प्रदेश के किशनी (मैनपुरी) में करीब 15 दिन तक फर्जी ट्रेनिंग कराई। रेलवे में अच्छी नौकरी का भरोसा दिलाते हुए कपूरथला के पास डडवंडी रेलवे स्टेशन ले जाकर करीब छह माह तक काम लिया गया। शुरुआत में तीन माह तक 19,900 रुपये प्रतिमाह वेतन भी दिया, किंतु बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। जब पीड़ित को ठगी का अंदेशा हुआ और उसने विरोध जताया, तो आरोपितों ने दो लाख रुपये और देने या दो अन्य युवकों को नौकरी के लिए लाने का दबाव बनाया।

रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने जब इसकी शिकायत श्रवण के स्वजन से की तो ब्रह्मपाल और सचिन ने भी अभद्रता की। पुलिस ने पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक स्टेटमेंट और फर्जी एडमिट कार्ड के साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।