यूपी में सरकार बनी तो बिजली-पानी मुफ्त : संजय सिंह
शामली उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर नागरिकों को बिजली और पानी निश्शुल्क दी जाएगी। किसान और मजदूर प्राथमिकता में रहेंगे।
शामली : उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर नागरिकों को बिजली और पानी निश्शुल्क दी जाएगी। किसान और मजदूर प्राथमिकता में रहेंगे। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उक्त विचार शनिवार को झिझाना रोड स्थित एमएस फार्म पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान व्यक्त किए। संजय सिंह शामली में पार्टी की संगठन समीक्षा के लिए आए थे। 28 फरवरी को आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री मंत्री की सभा होगी।
संजय सिंह ने कहा कि किसानों के आंदोलन को तीन महीने होने जा रहे हैं, लेकिन सरकार की कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा बोई जाने वाली फसल गन्ने का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट आ खड़ा हुआ है। मोदी सरकार ने तीन ऐसे कानून बनाए हैं, जो किसानों के लिए डेथ वारंट हैं। आज भारत में महंगाई मुंह बाए खड़ी है। पेट्रोल, डीजल और बिजली की दिनोंदिन बढ़ती कीमतों ने किसानों को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया है।
पंचायत और विधानसभा चुनाव लड़ेगी आप
आम आदमी पार्टी पंचायत चुनावों में ताल ठोकेगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। 28 फरवरी को आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री मंत्री की सभा होगी। इसमें किसानों के मुद्दे प्रभावी रहेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पहलवान, जिला कोषाध्यक्ष विनोद बालियान, जिला उपाध्यक्ष जावेद राणा, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शोरान सिंह, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष बबलू कश्यप, जिला महासचिव वीरपाल उपाध्याय सहित जिला कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।