स्टेशन पर व्यवस्था बेहतर दिखाने में जुटे रहे अधिकारी
डीआरएम के निरीक्षण को लेकर रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। सुबह से ही सफाई अभियान चलाया हुआ था। दोपहर में खराब पड़ी ट्यूबलाइटों को बदला गया।
शामली, जेएनएन। डीआरएम के निरीक्षण को लेकर रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। सुबह से ही सफाई अभियान चलाया हुआ था। दोपहर में खराब पड़ी ट्यूबलाइटों को बदला गया। स्टेशन परिसर में लगी प्रचार सामग्री को भी हटाया गया। परिसर में वाहन भी पार्क नहीं होने दिए। साथ ही दिव्यांग मरीजों के लिए व्हीलचेयर भी स्टेशन पर दिखाई दी। जागरण संवाददाता, शामली: अग्रवाल मित्र मंडल के सचिव अनुज बंसल ने बताया कि शामली से दिल्ली के लिए अपराह्न तीन से रात्रि नौ बजे के बाद कोई ट्रेन नहीं है। एक पैसेंजर ट्रेन शाम छह बजे कासिमपुर खेड़ी पहुंचती है और यहीं से ही वापस दिल्ली चली जाती है। इस ट्रेन का संचालन शामली तक कराया जाए। दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर यात्रियों की भीड़ अधिक है और ट्रेनों में इसके सापेक्ष बोगी कम हैं, इसलिए ट्रेनों में बोगी बढ़ाई जाएं।
उधर उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन ने डीआरएम एससी जैन को ज्ञापन देकर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की। शामली शाखा अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने उन्हें बताया कि शामली में रेलवे के आवास ब्लॉक 13 और 14 की हालत जर्जर है। कभी भी हादसा हो सकता है। कई स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर के लिए शौचालय की सुविधा नहीं है। बताया कि निर्णय हुआ था कि फाटक पर कर्मचारियों की ड्यूटी आठ घंटे की होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। न ही कर्मचारियों को ओवर टाइम दिया जा रहा है। रात के समय पेट्रोलिग करने वाले ट्रेकमैनों को टॉर्च भी नहीं दी गई है, जबकि स्टोर में यह उपलब्ध है। शामली रेलवे स्टेशन पर सफाई ठेका जुलाई 2019 से नहीं हुआ है, जिससे सफाई की स्थिति ठीक नहीं रहती है।