डबल मर्डर प्रकरण: डीआइजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
डबल मर्डर प्रकरण में डीआइजी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारीकी से जांच करते हुए आसपास से गुजरने वाले रास्तों के बारे में जानकारी हासिल की।
शामली, जेएनएन। डबल मर्डर प्रकरण में डीआइजी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारीकी से जांच करते हुए आसपास से गुजरने वाले रास्तों के बारे में जानकारी हासिल की। डीआइजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को शवों की शिनाख्त कराने तथा घटना के जल्द राजफाश किए जाने के निर्देश दिए हैं।
रविवार शाम करीब छह बजे डीआइजी सहारनपुर उपेंद्र अग्रवाल डबल ब्लाइंड मर्डर प्रकरण में जगनपुर के जंगल में घटनास्थल पर पहुंचे। यहां से ही 20 मई को दो युवतियों के शव बरामद हुए थे, जिनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। डीआइजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ईंख के खेत के अंदर जहां से शव बरामद हुए थे, वहां भी डीआईजी पहुंचे। उन्होंने बारीकी के साथ जांच की। मौके पर मौजूद अधिकारियों से डीआइजी ने घटनास्थल के आसपास से गुजरने वाले रास्तों की जानकारी हासिल की। उन्होंने खेत मालिक किसान के बारे में भी पूछा। डीआइजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को जल्द ही शवों की शिनाख्त कराए जाने व घटनाक्रम का राजफाश किए जाने के निर्देश दिए हैं। डीआइजी ने कहा कि घटनाक्रम के राजफाश के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही शवों की शिनाख्त भी करा ली जाएगी और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दौरान एसपी विनीत जायसवाल, सीओ प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।