दो सांड़ों की लड़ाई में फंसी बुजुर्ग महिला, एक सांड़ ने टक्कर मारकर जमीन पर पटका; हालत गंभीर
Shamli News: शामली के कांधला क्षेत्र के सुन्ना गांव में दो सांड़ों की लड़ाई के दौरान एक सांड़ ने 60 ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
शामली के सुन्ना गांव में सांड़ ने महिला को घायल किया।
60 वर्षीय नरेशो देवी को पेट में गंभीर चोटें आईं।
बेसहारा पशुओं के आतंक पर ग्रामीणों में गहरा रोष।
संवाद सूत्र, कांधला (शामली)। कांधला क्षेत्र के गांव सुन्ना में दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे,तभी एक के हमले में 60 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। सांड़ ने महिला को टक्कर मारकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके पेट में चोट आई है।
महिला की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में बेसहारा पशुओं को लेकर रोष है।
गांव सुन्ना निवासी वीरेंद्र उपाध्याय की 60 वर्षीय पत्नी नरेशो देवी शुक्रवार सुबह घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान गली में दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। लड़ते-लड़ते अचानक एक सांड़ ने नरेशो देवी को टक्कर मार दी और उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। हादसे में महिला के पेट में चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
चीख-पुकार सुनकर स्वजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और किसी तरह सांड़ को भगाया। स्वजन आनन-फानन में घायल महिला को लेकर कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। सीएचसी पर तैनात चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि कस्बे और देहात क्षेत्र में बेसहारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पूर्व गांव नाला में घर से खाना खाकर घेर में जा रहे एक वृद्ध को भी सांड़ ने टक्कर मार दी थी, जिसमें वृद्ध की मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को गौशाला में भिजवाने की मांग की है। सीडीओ बृजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जिले में बेसहारा पशुओं को पकड़ कर गोशाला में छोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। कहीं भी बेसहारा गोवंश है, तो उसे पकड़कर गोशाला भिजवाया जाएगा।
