विपक्षी दल सीएए पर कर रहे जनता को गुमराह: सोनकर
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सोनकर ने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी समेत अन्य विपक्षी दल देश में सीएए के प्रति भ्रांतियां फैलाकर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
शामली, जेएनएन। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सोनकर ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी समेत अन्य विपक्षी दल देश में सीएए के प्रति भ्रांतियां फैलाकर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। इसके लिए देश उनको कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भारत में अल्पसंख्यकों विशेषकर मुस्लिमों का सीएए से कोई अहित नहीं है। इससे उनकी नागरिकता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
सोमवार को सांसद विनोद सोनकर नगर के मुंडेट रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर प्रेसवार्ता को संबोधित किया। यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि सीएए का उद्देश्य भारतीय मुस्लिमों की नागरिकता छीनना नहीं है। यह बिल किसी भी धर्म के मौजूदा भारतीय नागरिकों को प्रभावित नहीं करता। यह 31 दिसंबर 2014 तक प्रताड़ित दूसरे देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश तथा अफगानिस्तान से भारत आए हिदू, बौद्ध, सिख, जैन, ईसाई और पारसी धर्म के लोगों को नागरिकता देने के लिए है। क्योंकि इन तीनों मुल्कों ने अपने-अपने देश के संविधान में संशोधन कर अपने देश को इस्लामिक राष्ट्र घोषित कर लिया है। साथ ही, पाकिस्तान में जहां आजादी के बाद 23 फीसद हिदू रहते थे, आज वहां उत्पीड़न के चलते महज तीन फीसद हिदू रह गए हैं। यही हाल बांग्लादेश तथा अफगानिस्तान में है। सोनकर ने कहा कि सीएए सिर्फ नागरिकता देने के लिए है। किसी की नागरिकता छीनने के लिए नहीं। भारत में अल्पसंख्यकों विशेषकर मुस्लिमों का सीएए से कोई अहित नहीं है। इससे उनकी नागरिकता पर कोई प्रस्ताव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कांग्रेस, सपा और बसपा भ्रांतियां फैलाकर देश के लोगों को गुमराह करने में लगी है। जिसके लिए देश उनको कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि इस कानून पर यूपीए प्रथम तथा द्वितीय के प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने भी अपनी सहमति जताई थी। इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री प्रमोद सैनी अट्टा, जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, प्रसन्न चौधरी, अरविद संगल, घनश्याम पारचा, अजय बंसल, राकेश आदि मौजूद रहे।