भाजपा जिलाध्यक्ष पद के 21 दावेदार
भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए पार्टी के मुंडेट कला स्थित कार्यालय पर नामांकन प्रक्रिया हुई। जिसमें 28 नामांकन सामने आए लेकिन सहमति के उपरांत सात पदाधिकारियों ने अपने-अपने नामांकन वापस ले लिए जिसके बाद 21 नामांकन पार्टी हाईकमान को भेजे गए है।
शामली, जेएनएन। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए पार्टी के मुंडेट कला स्थित कार्यालय पर नामांकन प्रक्रिया हुई। जिसमें 28 नामांकन सामने आए, लेकिन सहमति के उपरांत सात पदाधिकारियों ने अपने-अपने नामांकन वापस ले लिए, जिसके बाद 21 नामांकन पार्टी हाईकमान को भेजे गए है। दूसरी ओर चार नामांकन प्रांतीय परिषद के लिए भी किए गए।
बुधवार को शहर के मुंडेट कला स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं, मंडल प्रभारी तथा पदाधिकारियों की भीड उमड़ पडी। शामली जनपद के लिए जिला चुनाव अधिकारी शेर सिंह राणा तथा सह चुनाव अधिकारी प्रमोद चौहान के समक्ष नामांकन दाखिल किए गए। नामांकन दाखिल करने के लिए पार्टी कार्यालय पर सुबह से पदाधिकारियों का जमावड़ा रहा। जिलाध्यक्ष व प्रांतीय पार्षद पद के लिए भी नामांकन हुए। निर्धारित समय तक कुल 28 पदाधिकारियों ने अपने-अपने नामांकन किए, लेकिन इनमें सात पदाधिकारियों ने अपने नाम वापस ले लिए। बड़ी संख्या में आवेदन होने के चलते यहां जिलाध्यक्ष पद के लिए रोमांचक स्थिति बनी है। हालांकि पार्टी सूत्रों की माने तो हाईकमान यहां किसे जिलाध्यक्ष बनाएगा, वह लगभग फाइनल ही हो चुका है। इसके लिए आगामी 25 मार्च तक फैसला हो जाएगा। इसके साथ ही तीन प्रांतीय परिषद के लिए नामांकन दाखिल किए।
-------
इन्होंने किए नामांकन दाखिल
जिलाध्यक्ष के लिए राजेंद्र सिंह, सत्यपाल सिंह, डा. रामजीलाल, रवि गोयल, यशपाल पंवार, डा. मनोज चौधरी, सतेंद्र तोमर, प्रदीप कुमार, दामोदर सैनी, अभय तोमर, हरबीर मलिक, डा. मनोज शर्मा, राजकुमार चौहान, राजेश कुमार मलिक, अरविद संगल, अजय संगल, शशि अरोरा, नीरज उपाध्याय, रमेश गौड कश्यप, प्रमोद सैनी अट्टा ने नामांकन दाखिल किए। इसके साथ ही छत्रपाल कश्यप, पूनम राणा व सरदार गुरुलाल सिंह ने प्रदेश परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
जिलाध्यक्ष के लिए यह है गाइडलाइन
चुनाव अधिकारी के मुताबिक, भाजपा जिलाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार वहीं नामांकन कर सकता है जो जिले का पदाधिकारी है। इसके अलावा पार्टी के पूर्व पदाधिकारी, युवा किसान, महिला मोर्चा के पदाधिकारी आदि इसके लिए दावेदारी कर सकते हैं। उनके प्रस्तावक के रूप में जिला प्रतिनिधि व मंडल अध्यक्ष हो सकते हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष पद के लिए 40 से 55 वर्ष की आयु के लोग ही अपनी दावेदारी कर सकते हैं।