एआरटीओ ने चलाया चेकिग अभियान, मचा हड़कंप
एआरटीओ ने सोमवार सुबह के समय स्कूली वाहनों की धरपकड़ के लिए चेकिग अभियान चलाया।
शामली, जेएनएन। एआरटीओ ने सोमवार सुबह के समय स्कूली वाहनों की धरपकड़ के लिए चेकिग अभियान चलाया। इस दौरान लगभग एक दर्जन वाहनों के दस्तावेज पूरे न पाए जाने पर चेतावनी दी गई।
14 से 20 अक्टूबर तक परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया है। इस दौरान विभाग ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। वाहन चालकों व रोडवेज तथा प्राइवेट बसों को यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें सुरक्षित चलने के बारे में जानकारी दी गई थी। यहां तक कि स्कूल, कालेजों में भी जाकर विभागीय कर्मचारियों ने छात्रों को नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने के लिए कहा था। यह अभियान बीस अक्टूबर को संपन्न हो गया। सोमवार आज एआरटीओ ने सुबह के समय स्कूली वाहनों की जांच पड़ताल को अभियान चलाया। इस दौरान मेरठ, कैराना रोड व रेलपार इलाके में आने जाने वाले स्कूली वाहनों की चेकिग की गई। बताया गया कि इस दौरान लगभग एक दर्जन वाहनों के कागजात व फिटनेस सही नही पाई गई। कई वाहनों के कागजात एआरटीओ ने कब्जे में लिए। एआरटीओ मुंशी लाल ने बताया कि वाहन चालकों को समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्होंने समयावधि में कागजात व फिटनेस आदि कमियां पूरी नही कराई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।