मेलों के आयोजन से किसानों की आय दुगुना करना ही मकसद
शामली जेएनएन कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच किसान मेलों का आगाज बुधवार से हो गया है। ऊन कैराना और शामली में विकास खंड स्तर पर आयोजित मेलों में किसानों को विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
शामली, जेएनएन : कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच किसान मेलों का आगाज बुधवार से हो गया है। ऊन, कैराना और शामली में विकास खंड स्तर पर आयोजित मेलों में किसानों को विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
किसान कल्याण मिशन के तहत ऊन विकास खंड कार्यालय में परिसर में आयोजित मेले में मुख्य अतिथि सांसद कैराना प्रदीप चौधरी रहे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। कृषि कानून पूरी तरह से किसानों के हित में हैं। अनुबंध खेती को लेकर किसी प्रकार भ्रम रखने की जरूरत नहीं है। मेलों के आयोजन का मकसद किसानों की आय दोगुना करने के प्रयास को गति देना है। उन्होंने किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित भी किया। अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 किसानों को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए। 40 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण का वितरण भी किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टाल का अवलोकन भी किया।
कहा कि जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। आने वाले समय में मेडिकल कालेज, स्टेडियम, पीएसी कैंप और राष्ट्रीय राजमार्ग बनना जिले के विकास में बहुमूल्य कड़ी साबित होगा। मुख्य विकास अधिकारी डा. शंभूनाथ तिवारी ने किसानों से गोवंशों को बेसहारा न छोड़ने की अपील की। किसानों को कृषि, उद्यान, दुग्ध, रेशम, गन्ना, बैंक, वन, नलकूप, सिचाई, लघु सिचाई, ग्रामोद्योग, समाज कल्याण, सहकारिता, पशुपालन, पंचायतीराज, मंडी समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में बताया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी डा. हरीशंकर, जिला उद्यान अधिकारी डा. हरित कुमार आदि मौजूद रहे।
----
किसानों को किया जागरूक
शामली : शामली में नवीन मंडी परिसर में किसान मेला आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि विधायक तेजेंद्र निर्वाल रहे। विधायक ने किसानों को कृषि कानूनों के बारे में बताया। उप निदेशक कृषि डा. शिवकुमार केसरी ने कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास कुमार ने सम-सामयिक फसल सुरक्षा के बारे में बताया। कृषि विज्ञान केंद्र शामली के वैज्ञानिक डा. सतीश कुमार ने बीज उत्पादन तकनीक और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी। उद्यान विभाग से नरेश कुमार, मंडी समिति सचिव अरुण कुमार, गन्ना विभाग से प्रेम नारायण शुक्ला, डेयरी विभाग से डा. सुखबीर सिंह, पशुपालन विभाग से डा. राजपाल सिंह आदि ने योजनाएं बताईं। मुख्य अतिथि ने 60 किसानों को सम्मानित किया।