आवास योजना में गड़बड़ी, नगर पंचायत में हंगामा
संवाद सूत्र, जलालाबाद : प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों के नाम सूची से हटाने व अपात्रों के नाम श्
संवाद सूत्र, जलालाबाद : प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों के नाम सूची से हटाने व अपात्रों के नाम शामिल करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच जमकर हंगामा किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा के पीआरओ नरेंद्र त्यागी ने भी नगर पंचायत के स्टाफ व डूडा विभाग के कर्मचारियों से बातचीत की तथा पात्रों के नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए।
शनिवार को भाजपा के दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में नगर पंचायत व डूडा विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 365 पात्रों की सूची जारी की गई है। आरोप लगाया कि इस सूची में नगर पंचायत व डूडा विभाग के कर्मचारियों ने सभासदों के साथ मिलीभगत करते हुए अपात्रों को शामिल कर दिया, जबकि पात्र लोगों के नाम सूची से हटा दिए। जिससे कस्बेवासियों में रोष व्याप्त है। आरोप है कि उक्त लोगों ने सभासदों के जरिये अपात्रों से पैसे लेकर यह कारनामा किया है। यही वजह है कि आज पात्र लोग घरों को मोहताज हैं और अपात्र सरकारी योजना का लाभ उठा रहे हैं। इस दौरान गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा के प्रतिनिधि के रूप में उनके पीआरओ नरेंद्र त्यागी भी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पूरे मामले का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत व डूडा विभाग के कर्मचारियों को व्यवस्था बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि सूची का दोबारा सर्वे किया जाए। सर्वे में डूडा के कर्मचारियों के साथ भाजपा के पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया, जो घर-घर पहुंचकर सर्वे करेंगे। इस दौरान अपात्रों को सूची से बाहर किया जाएगा और पात्रों के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। हंगामा करने वालों में अशोक कोरी, हरिओम उपाध्याय, रामभूल ¨सह, नरेश शर्मा, बॉबी शर्मा, बबली कश्यप आदि लोग शामिल रहे।