बायोमैट्रिक हाजिरी के विरोध में गरजीं महिला स्वास्थ्यकर्मी
जागरण संवाददाता, शामली : मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ के तत्वावधान में महिला स्वास्थ्यकर्मियो
जागरण संवाददाता, शामली : मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ के तत्वावधान में महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने सीएमओ आफिस पर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। महिला स्वास्थ्यकर्मियों का आरोप है कि बायोमैट्रिक हाजिरी न लगने के कारण उनका मई माह का वेतन नहीं दिया गया, जबकि फील्ड वर्कर होने के कारण किसी भी जिले में यह व्यवस्था नहीं चल रही है। उन्होंने मांग की कि यदि उनसे बायोमेट्रिक हाजिरी लगवाई जाएगी तो फिर उन्हें मुख्यालय पर तैनाती दी जाए। महिला स्वास्थ्यकर्मियों से मिलने पहुंचे सीएमओ के साथ भी मामूली नोकझोंक हुई।
सोमवार को मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश की कर्मचारी महिलाओं ने सीएमओ दफ्तर पर पहुंचकर धरना दिया। संघ की जिलाध्यक्ष लोकेश चौधरी ने कहा कि फील्ड स्वास्थ्य कर्मचारी व स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के द्वारा बायोमैट्रिक हाजिरी न लगाने पर उनका वेतन रोक दिया गया है। इसके चलते उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में कई महीनों से बायोमैट्रिक हाजिरी लागू है, लेकिन कर्मचारी महिलाओं को अलग अलग गांवों में 10 से 15 किमी की दूरी तय करनी होती है। यहीं नहीं जिले में यातायात साधन भी ठीक नहीं है। बताया कि बायोमैट्रिक हाजिरी का समय आठ बजे से 12 बजे तक का है। फील्ड कर्मचारी होने के कारण उनकी हाजरी किसी भी जनपद में नहीं लगाई जा रही है। शामली में भी ग्राम सचिव, लेखपाल, पुश विभाग बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं लगा रहे है। इस दौरान धरने पर सीएमओ डा. राजकुमार पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी के आदेशों का हवाला देते हुए बायोमैट्रिक हाजिरी लगाने पर जोर दिया। इस पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने इसका विरोध किया। जिस पर सीएमओ व महिला में नोकझोंक भी हुई। महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने चेतावनी दी कि उनकी समस्या का समधान होने तक उनका धरना निरंतर जारी रहेगा। धरने पर ऊषा मलिक, सरोज, मिथलेश, सुरेश तोमर, जगमेश पंवार, कौशल्या, रानी, मुनेश, कमलेश, सुनीता, ओमबीरी, अंशू आदि मौजूद रही।