दुकान पर कब्जे का आरोप, मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
नगर निवासी एक व्यक्ति ने पांच लोगों पर दुकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। अधिकारियों के आदेश पर शामली नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जेएनएन, शामली। नगर निवासी एक व्यक्ति ने पांच लोगों पर दुकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। अधिकारियों के आदेश पर शामली नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टंकी कालोनी निवासी विभु गुप्ता ने अधिकारियों व मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर कहा था कि उनकी दुकान कबाडी बाजार में है। दुकान नगर पालिका में उनके पिता के नाम दर्ज है। कहा, कि कोविड काल में उनकी नौकरी भी छुट गई थी। 19 सितंबर को वह अपनी दुकान पर गए तो नगर निवासी बिजेंद्र गुप्ता अपने कई साथियों के साथ दुकान पर आए। उन्होंने उन्हें दुकान खोलने से रोका। दुकान को अपनी बताने लगे। गाली गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान उन्होंने मौके से भाग कर जान बचाई। आरोपितों ने दबंगई दिखाते हुए उनकी दुकान का ताला तोड़ कर अपना ताला लगा दिया। पीड़ित ने दुकान पर कब्जे का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच शुरू कर दी है। कोतवाली शामली पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गढ़ीपुख्ता में रावण वध का मंचन
गढ़ीपुख्ता के मोहल्ला सुभाष पुरी में रामलीला भवन में रामलीला मंचन के 16वें दिन रावण वध का शानदार मंचन कर दिया। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी अनमोल गर्ग, योजना आयोग के पूर्व सदस्य डा. सुधीर पंवार और सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी आदि अतिथियों का पट्टिका एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन रामलीला कमेटी के अध्यक्ष नीरज जैन ने किया।
समाजसेवी अनमोल गर्ग ने कहा कि भगवान राम हमारे आदर्श हैं। आज भी हजारों साक्ष्य रामायण के तथ्यों की पुष्टि करते हैं। भगवान श्रीराम अपने पिता के आदेश पर 14 वर्ष तक वनवास में रहे। हमें श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और बच्चों को भी उचित संस्कार देने चाहिए। डा. सुधीर पंवार ने कहा कि हम सभी को भगवान श्रीराम के आदर्शो पर चलना चाहिए। रामायण से हमें आदर्श भाई, आदर्श पिता, आदर्श पत्नी और त्याग की पूरी भावना सीखने को मिलती है। इस दौरान तुषार कांबोज, डा. शुभम गोयल, रामलीला कमेटी अध्यक्षक नीरज जैन, नरेश कुमार सैनी, मुकेश गोयल, प्रदीप संगल, पंकज गोयल, टेक चंद मित्तल, नरेश गिरी, सचिन उपाध्याय, डा. श्रीनिवास बागड़ी, सुमित कश्यप, देवी सिंह मौजूद रहे।