गरजे शिक्षक..कलक्ट्रेट पहुंचकर दी गिरफ्तारी
जागरण संवाददाता, शामली: पुरानी पेंशन बहाली को लेकर चल रहा शिक्षकों का आंदोलन निरंतर
जागरण संवाददाता, शामली:
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर चल रहा शिक्षकों का आंदोलन निरंतर जारी है। शिक्षकों ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने दो टूक कहा कि पेंशन उनका हक है और इसे वे लेकर रही रहेंगे। इस दौरान पूर्व घोषित जेल भरो आंदोलन के तहत शिक्षकों ने कलक्ट्रेट में पुलिस को गिरफ्तारी भी दी है। यहां कुल 45 शिक्षकों की गिरफ्तारी हुई। जिन्हें बाद में मुचलका पाबंद कर छोड़ दिया गया।
सोमवार को संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के तत्वावधान में शिक्षकों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कहा कि सरकार उनकी अरसे से चल रही पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग पूरी नहीं कर रही है। पेंशन शिक्षकों व सभी कर्मचारियों का अधिकार है। इसे सरकार को तुरंत लागू कर देना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की मांग पूरी किए जाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष संजीव मलिक ने कहा कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली तक संगठन के कार्यकर्ता के रूप में प्रदेशीय आह्वान पर हर समय तैयार रहना चाहिए। जिला मंत्री गौरव कुमार ने कहा कि हमें पुरानी पेंशन बहाली से कम कुछ भी स्वीकार नहीं है। वहीं मंडल अध्यक्ष अजय तोमर ने कहा कि एनपीएस में सुधार के बजाय पूरी तरह से पेंशन योजना लागू होनी चाहिए। इस मौके पर शिक्षकों ने अपनी गिरफ्तारी देने के लिए डीएम को रिमाइंडर दिया। जिसके बाद थाना आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। यहां शिक्षकों की गिरफ्तारी ली गई। जिन्हें बाद में मुचलका पाबंद कर छोड़ दिया गया। 45 शिक्षकों ने गिरफ्तारी दी थी। जिसके बाद मुचलका पाबंद कर छोड़ा गया है। धरने पर हारूण चौहान, संजीव मलिक, गौरव कुमार, ऋतु, मुनीश चौधरी आदि मौजूद रहे।