युवक की गोली मारकर हत्या, गले में बंधी मिली रस्सी
दोस्त से मिलने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी पीठ पर गोली लगने व गले में रस्सी भी बंधी मिली। शरीर पर चोट के निशान भी थे। शव शनिवार सुबह खन्नौत नदी किनारे पड़ा मिला। एसपी एस आनंद व एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
जेएनएन, रोजा, शाहजहांपुर : दोस्त से मिलने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी पीठ पर गोली लगने व गले में रस्सी भी बंधी मिली। शरीर पर चोट के निशान भी थे। शव शनिवार सुबह खन्नौत नदी किनारे पड़ा मिला। एसपी एस आनंद व एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के तारीन गाड़ीपुरा मुहल्ला निवासी सरताज का पुत्तू लाल चौराहे के पास धर्मकांटा है। छोटा बेटा अफजान भी हाथ बंटाता था। शुक्रवार को सरताज अफजान के साथ लखनऊ पिता फारुख की दवा लेने गए गए थे। शाम सात बजे लौटने के बाद अफजान दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकल गया। देर रात तक लौटा नहीं, तो स्वजनों ने दोस्तों व रिश्तेदारी में पता किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। शनिवार सुबह दस बजे रोजा के रेती रोड स्थित संजय सरस्वती इंटर कालेज के पीछे अफजान की बाइक मिली। आस-पास तलाश करने पर खन्नौत नदी किनारे अफजान का शव मिला। कार्यवाहक थानाध्यक्ष दिलीप कुमार यादव मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एसपी, एएसपी ग्रामीण के अलावा सीओ सिटी प्रवीण कुमार व सीओ सदर महेंद्र सिंह भी आ गए। एसपी को हत्या के बाद यहां शव फेंके जाने की आशंका लगी। उन्होंने एसओजी प्रभारी रोहित सिंह को मौके पर बुलाया। रोजा पुलिस के साथ मिलकर घटना के राजफाश के निर्देश दिए।
शराब के पाउच व बोतल मिली
अफजान का मोबाइल गायब है। घटना स्थल पर शराब के पाउच व बोतल मिली है। फिगर प्रिंट यूनिट उसे कब्जे में लिया है। डॉग स्क्वॉड टीम ने भी मौके पर पड़ताल की।
दारोगा के मकान में देखे सीसीटीवी
संजय सरस्वती इंटर कॉलेज के पीछे कालोनी में दारोगा जयपाल सिंह का मकान है। उनके मकान से कुछ दूरी से ही घटना स्थल की ओर से रास्ता जाता है। पुलिस ने जयपाल सिंह के मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे। जिसमें कुछ बाइक सवार सात बजकर 10 मिनट पर जाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन चेहरे स्पष्ट नहीं है।
वर्जन
स्वजन किसी रंजिश से इन्कार कर रहे हैं। मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है। कई अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
एस आनंद, एसपी