मोदी की किसान रैली में योगी ने राहुल पर हमला बोला-पप्पू हैं पप्पू ही रहेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी की रैली में उपलब्धियां गिनाईं और कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज किया कि वह पप्पू हैं और पप्पू ही रहेंगे।
शाहजहांपुर (जेएनएन)। संसद में अविश्वास प्रस्ताव गिरने के दूसरे दिन ही शनिवार को विश्वास से लबरेज भाजपा ने किसान कल्याण रैली में कांग्रेस पर हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियां व योजनाएं गिनाईं और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह पप्पू हैं और पप्पू ही रहेंगे। कल संसद में सिर्फ भारी बहुत से अविश्वास प्रस्ताव ही नहीं गिरा, बल्कि उसने संकेत भी दे दिए हैं कि 2019 में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनाने जा रही है। शाहजहांपुर रैली में पहुंचे योगी ने कहा कि संसद में एक-एक झूठ धाराशायी हो गए। पहले वह एक व्यक्ति को किसी दूसरे रूप में प्रस्तुत करते थे, लेकिन कल उन्होंने स्वीकार किया कि वह पप्पू हैं।
पहली बार किसान बने एजेंडा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार किसान देश की राजनीति का एजेंडा बने हैं। प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश की सबसे बड़ी मंडी शाहजहांपुर में सभा करने आए हैं। प्रधानमंत्री ने जब शपथ ली थी तब एक ही बात कही थी कि हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं की सरकार है। चार साल के दौरान बिना जाति, धर्म के भेदभाव के योजनाएं लागू कीं। केंद्र की कैबिनेट ने 14 जिंसों का समर्थन मूल्य डेढ़ से दोगुना किया, जिससे उत्तर प्रदेश किसान लाभान्वित हुए हैं।
नामदार तो प्रधानमंत्री के गले ही पड़ गए : पांडेय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने किसान रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा कि एक नामदार पहले अपनी पार्टी के गले पड़े, फिर विपक्ष के और अब संसद में प्रधानमंत्री के गले पड़ गये। ऐसे बचकाने लोग देश को आगे नहीं ले जा सकते। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को मजबूत नेतृत्व दिया है। शनिवार को किसान कल्याण रैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2019 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी और वह भारत को न्यू इंडिया बनाएंगे।
दूसरी ओर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों के लिए भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किये हैं। प्रधानमंत्री ने 2014 में किसानों से जो वादा किया था वह पूरा किया। कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने जो योजनाएं शुरू की हैं, वह देश की युवा पीढ़ी को बेहतर भविष्य देंगी। ङ्क्षसचाई मंत्री धर्मपाल ङ्क्षसह ने कहा कि भाजपा किसानों के लिए सोचती है। पार्टी किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने इसे साबित कर दिया है।