हवा व बारिश से हजारों हेक्टेयर गन्ना गिरा
तेज हवा से हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
शाहजहांपुर : तेज हवा से हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अच्छी बढ़वार पकड़ रहा गन्ना जमीदोज हो गया। इससे किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
बुधवार दोपहर बाद से हवा के साथ बारिश शुरू हुई। रात में हवा का वेग बढ़ गया। बारिश के कारण जड़ से कमजोर हो चुका गन्ना हवा के झोंके सहन नहीं कर सका। जिन खेतों में गन्ने की बंधाई नहीं हुई वह गिर गया। डीसीओ डा. खुशीराम ने भी गन्ने के नुकसान को स्वीकारा, कहा कि किसानों ने गन्ने की बंधाई नहीं की, उन्हें गन्ना गिरने से आंशिक नुकसान हो सकता है।
रात में 16 मिमी बारिश, पारा 23 डिग्री
रात में तेज हवा के साथ बारिश से तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बारिश का आंकड़ा 16 मिमी दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को दिन में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण सुबह की आर्द्रता 95 और शाम को 70 फीसद दर्ज की गई। सीजन में कुल बारिश का आंकड़ा 1080 मिमी के पार पहुंच गया।