आज से शुरू होगा सघन क्षयरोगी खोजी अभियान
पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गुरुवार से जिले में सघन क्षयरोगी खोजी अभियान चलाया जाएगा।
जेएनएन, शाहजहांपुर: पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गुरुवार से जिले में सघन क्षयरोगी खोजी अभियान चलाया जाएगा। जिसमें घर-घर जाकर टीमें लोगों का परीक्षण करेंगी। क्षयरोग के लक्षण पाए जाने पर उनकी जांच कराई जाएगी।
सीएमओ डॉ. आरपी रावत ने बताया कि 10 से लेकर 23 अक्टूबर तक जिले में सघन क्षयरोगी खोजी अभियान चलाया जाएगा। टीमें घर-घर जाकर लोगों को जांच करेंगी। अगर किसी के अंदर टीबी के लक्ष्ण पाए जाते हैं, तो उसकी जांच कराकर मुफ्त इलाज कराया जाएगा। इसमें कांट, कलान, ददरौल, बंथरा, पुवायां व जैतीपुर की करीब 56 हजार जंख्या को कवर किया जाएगा। जिला क्षय अधिकारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी के साथ बलगम आना, बलगम में खून आना, भूख नहीं लगना, लगातार वजन कम होना, नियमित बुखार रहना, सीने में दर्द या भारीपन होना टीबी के लक्ष्ण हैं। उन्होंने कहा कि क्षयरोगी को खांसते या छींकते समय मुंह पर कपड़ा रखना चाहिए। एक क्षय रोगी कई लोगों को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान में 136 टीमें लगाई गई हैं। हर टीम में तीन स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। 28 सुपरवाइजर लगाए गए है। एक सुपरवाइजर पांच टीमों की निगरानी करेगा। उन्होंने कहा कि इसका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।