महिलाओं के पारंपरिक पूजन के साथ होलिका दहन
महिलाओं के पारंपरिक पूजन के साथ होलिका दहन हुआ।
जेएनएन, शाहजहांपुर : होलिका दहन से पूर्व शहर से लेकर गांव तक होलिका पूजन हुआ। कन्याओं ने फूलों व महिलाओं ने बल्ले बरगुरिए से गीत के साथ पूजा अर्चना की। रात्रि में दहन के बाद महिलाओं ने ढोलक व होरियालों ने ढोल नगाड़े के साथ जश्न मनाया। होलिका स्थल पर एक दूसरे के रंग गुलाल लगाकत एकत्व, प्रियत्व व समत्व का संदेश दिया।
आखत की खरीद से किसानों की बढ़ी रंगत
होलिका दहन के बाद होली को जौं की बाली (आखत) समर्पित करने की की परंपरा है। इसका असर शहर व कस्बों की सड़कों पर दिखा। आखत के सजे स्टाल बिक्री से शाम तक साफ हो गए। लोगों ने 10 से 15 से 20 बाली खरीदकर किसानों की होली की मिठास बढ़ा दी।
बल्ले बरगुरिए भी बिके
गाय के बल्ले बरगुरिए से होलिका पूजन की पंरपरा है। अधिकांश महिलाओं ने पहले से ही बल्ले बना लिए। जिनके पास समय नहीं था, उन्होंने बाजार से खरीदे।
रंग पिचकारी व मिष्ठान, नमकीन की खरीद को रही भीड़
बाजार में होली का रंग सुर्ख रहा। होली के लिए लोगों ने रंग, गुलाल के साथ पिचकारी खरीदी। स्वागत सत्कार के लिए मिष्ठान, नमकीन व कचरी पापड़ की खरीददारी की।
रोटरी क्लब ने मनाई होली
शाहजहांपुर : रोटरी क्लब शाहजहांपुर की ओर से रोटेरियन अश्विन विज के ईंट भट्ठे पर होली को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शाहजहांपुर में पूर्व में डीएम रहे आरके सिंह ने किया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर म्यूजिकल चेयरगेम भी खेला जिसमें वसु गोयल विजेता रहे।