तिलहर विधानसभा रिपोर्ट कार्ड: पुल बने और चमकीं हाईमास्ट, फिर भी बस अड्डा, रोजगार और अस्पताल की राह देख रही जनता
Uttar Pradesh MLA Report Card: तिलहर विधानसभा क्षेत्र में विधायक सलोना कुशवाहा के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया ...और पढ़ें

सलोना कुशवाहा
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार...। 2022 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा तिलहर की जनता के बीच पहुंचीं तो लोगों ने यही चार मांगें रखीं। वोट के बदले काम का आश्वासन दिया, तो जीत का सेहरा उनके सिर बंधा, चार साल बीत चुके हैं, इस अवधि में क्षेत्र कितना बदला? जो वादे किए थे, उनमें कितने पूरे हुए?, कौन से जरूरी काम अधूरे रहे?
पूछने पर व्यापारी प्रदीप गुप्ता बताते हैं कि सड़क पुल निर्माण व हाईमास्ट लाइटों पर ध्यान दिया गया, लेकिन रोजगार की दृष्टि से चर्चा लायक कुछ नहीं है। चीनी मिल में युवाओं के लिए अवसर नहीं हैं। राइस मिल उद्योग घाटे में हैं। गल्ला व्यापार राजस्व का बड़ा माध्यम है, लेकिन मंडी में अव्यवस्थाएं हावी हैं।
हालांकि सलोना की मानें तो उन्होंने लघु व कुटीर उद्योगों के लिए प्रयास किए हैं। ग्रामीण महिलाओं को समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। डभौरा रेलवे क्रासिंग पर 35 करोड़ से बन रहे ओवरब्रिज को वह जनता के लिए बड़ी राहत बताती हैं।
100 से अधिक सड़कों की मरम्मत व 15 करोड़ से नए निर्माण भी गिनातीं हैंं, लेकिन यहां से कुछ दूर रुजवारी गांव से हाईवे तक जाने वाली जर्जर सड़क पर निकलना मुश्किल है। नारायन चक बरैंचा जाने वाली सड़क का भी कुछ यही हाल है।
आलमपुर में डेढ़ किमी. सड़क को स्वीकृति दिलाने का वादा तो किया, लेकिन पूरा न हो सका। बरसात में यह खड़ंजा दलदल में तब्दील है। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गईं अधिकांश गलियां उसी स्थिति में हैं, जिस कारण लोग गिरकर चोटिल हाे रहे हैं।
सोलर व बिजली से संचालित हाईमास्ट लाइटों पर आठ करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था नहीं हो सकी है। चिकित्सक डाॅ. प्रमोद मिश्र बताते हैं कि एक्सरे भी सप्ताह में तीन दिन ही होते हैं।
स्टेडियम का वादा पूरा न होने से सिद्धार्थ व उनके जैसे अन्य युवा निराश हैं। सुनील कुमार बताते हैं कि राजकीय डिग्री कालेज की बदहाली, विज्ञान और परास्नातक कक्षाओं का संचालन को लेकर कोई प्रगति न हुई।
हालांकि महिला पालीटेक्निक व राजकीय पालीटेक्निक का संचालन शुरू हो गया है। जिसने राहत दी है। नया रोडवेज बस अड्डा अब भी बड़ा मुद्दा है।
सेवानिवृत्त शिक्षक आचार्य भानु प्रताप मिश्र कहते हैं कि चुनावी वादा था, भुला दिया गया। हालांकि विधायक का दावा है कि उपयुक्त स्थान के चयन को लेकर प्रयास जारी हैं। जल्द ही जनता को इसके सकारात्मक परिणाम दिखेंगे, शेष कार्य भी जल्द पूरे होंगे।
नए उद्योगों के लिए हम पूरी तरह प्रयासरत : सलोना कुशवाहा
तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा ने बताया कि जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए हमने लोक निर्माण विभाग से कई प्रस्ताव स्वीकृत कराए। अधिकांश स्थानों पर काम पूरा भी हो गया है। नए उद्याेगों के लिए हम पूरी तरह प्रयासरत हैं।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके समूह बनवाकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। तिलहर व निगोही में होम्योपैथ अस्पताल का निर्माण कराया है। जहां तक सीएचसी की बात है तो पहले से व्यवस्थाएं सुधरी हैं।
सुविधाओं भी बेहतर कराने का प्रयास किया जा रहा है। बस अड्डे के लिए हमने चीनी मिल प्रबंधन से लेकर गन्ना मंत्री तक से बात की। क्योंकि यह स्थान उपयुक्त था, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
अब नए स्थान को चिह्नित किया जा रहा है। इस पर जल्द स्वीकृति दिलायी जाएग। क्षेत्र में बंद पड़े दो पालीटेक्निक में पढ़ाई शुरू करा दी है। डिग्री कालेज के मुददे पर भी सकारात्मक परिणाम दिखेगा। क्षेत्र की जनता को अब बदलाव दिख रहा है।
हमारे किए कार्यों का लोकार्पण कर ले लिया क्रेडिट : रोशनलाल
पूर्व सपा विधायक और उपविजेता रहे रोशनलाल वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में हमने जो भी कार्य कराए उनका लोकार्पण करके क्रेडिट ले लिया गया। जो सड़कें हमने अपने कार्यकाल में बनवाईं उनकी मरम्मत तक नहीं हो पा रही है।
विधायक ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कोई बड़ा कार्य कराया हो तो बताएं। हमने गांवों में सड़कों का डामरीकरण कराया, पुल बनवाए। पालीटेक्निक निर्माण कराया, निगोही में उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय दिया।
पीएचसी से सीएचसी बनवाई। परिषदीय विद्यालयों की स्थिति में सुधार कराया, लेकिन पिछले चार साल में शिक्षा पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। विधायक सिर्फ बदले की भावना से कार्य कर रही हैं, जिसे जनता समझ चुकी है।
