चाबी, सितार और ऑटो रिक्शा भी बने चुनाव चिह्न
लोकसभा चुनाव से निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद ने नाम वापस ले लिया है।
जेएनएन, शाहजहांपुर : लोकसभा चुनाव से निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद ने नाम वापस ले लिया है। शेष 14 प्रत्याशियों को निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए। वर्णमाला क्रम में तैयार मतपत्र में सबसे ऊपर गठबंधन प्रत्याशी अमर चंद्र जौहर को हाथी चुनाव चिन्ह के साथ जगह मिली है। इसी क्रम में भाजपा प्रत्याशी अरुण सागर कमल के फूल, कांग्रेस प्रत्याशी ब्रह्मस्वरूप सागर हाथ का पंजा निशान के साथ हैं। कम्युनिस्ट पार्टी के मनीष चंद्र कोरी हंसिया व बाली और संयुक्त विकास पार्टी के प्रत्याशी किशन लाल को टेलीफोन चुनाव चिन्ह मिला है। दो से 9 अप्रैल के बीच कुल 16 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। नामांकन पत्रों की जांच में जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम अमृत त्रिपाठी ने निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रभाल का शपथ पत्र अपूर्ण होने पर पर्चा खारिज कर दिया था। नाम वापसी के अंतिम दिन निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद ने पर्चा वापस ले लिया है। इससे अब 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार तीन बजे के बाद सभी को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए।
-----------------
नाम प्रत्याशी पार्टी - चुनाव चिह्न
- अमर चंद्र जौहर : बसपा - हाथी
- अरुण कुमार सागर : भाजपा - कमल का फूल
- ब्रह्म स्वरूप सागर : कांग्रेस - हाथ
- मनीष चंद्र कोरी : कम्युनिस्ट पार्टी - हंसिया और बाली
- किशन लाल : संयुक्त विकास पार्टी - टेलीफोन
- कुंवर पाल सिंह गौतम : निर्दलीय - कारपेट
- धर्मवीर वाल्मीकि : भारतीय भाईचारा पार्टी- स्टेथेस्कोप
- नरवीर फौजी : प्रगतिशील सपा - चाभी
- मनोहर लाल सरोज : निर्दलीय- आटो रिक्शा
- रमेश चंद्र वर्मा : मानव क्रांति पार्टी - साबुनदानी
- सोहन पाल : भारतीय कृषक दल - स्टंप
- अरुण कुमार : निर्दलीय - फुटबाल
- विनीत : निर्दलीय - कढ़ाही
- श्याम चरन, निर्दलीय - सितार