शाहजहांपुर में स्वाइन फ्लू का खतरा, कैंसर पीड़ित समेत तीन संक्रमित मिले, जिले में जारी हो चुका अलर्ट
शाहजहांपुर में कैंसर पीड़ित समेत तीन मरीज स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं, जिनका इलाज लखनऊ में चल रहा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। कैंसर पीड़ित समेत जिले के तीन मरीज स्वाइन फ्लू से संक्रमित हो गए हैं। तीनों का लखनऊ में उपचार चल रहा है। तीनों के घरों में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच करने के लिए पहुंचेंगी।
जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया जा चुका है। अब मरीज मिलने के बाद अधिकारियों की सर्तकता और बढ़ गई है। पुवायां निवासी कैंसर पीड़ित मरीज को तबीयत बिगड़ने पर स्वजन ने लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया था।
वहां जांच कराई गई तो वह स्वाइन फ्लू से भी संक्रमित मिले। शहर के हद्दफ मुहल्ला निवासी बीमार युवक का लखनऊ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी रिपोर्ट भी स्वाइन फ्लू पाजीटिव निकली।
लखनऊ के ही अस्पताल में भर्ती शहर के ही एक अन्य मरीज भी स्वाइन फ्लू संक्रमित पाए गए हैं। तीनों का वहीं पर उपचार चल रहा है। सीएमओ डॉ.विवेक मिश्रा ने पुवायां चिकित्सा प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि मंगलवार को मरीज के घर जाकर उसके स्वजन की जांच कराएं।
इसके अलावा उनके पड़ोसियों की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए है। इसी तरह शहर में भी संबंधितों के घरों पर टीमें भेजी जाएंगी। वहीं मेडिकल कालेज से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी संदिग्ध मरीजों की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल कालेज में स्वाइन फ्लू वार्ड बनाकर 10 बेड पहले ही आरक्षित किए जा चुके हैं।
बुखार के मरीज बढ़े
बरसात के बाद बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलान की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रोजाना 400 से 500 मरीज उपचार करा रहे हैं। परौर के कुबेरपुर, कुंडरिया, पश्चिमी नारायण नगला, दहेलिया और बमनी चौकी समेत आसपास के कई गांवों में तेज बुखार के मरीज सामने आए हैं।
कुबेरपुर में रामवीर, जसबीर, अहलाकार, सुरेश, किशनपाल, धनवीर, महावीर और जयवीर समेत कई ग्रामीण बीमारी की चपेट में बताए गए हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बमनी चौकी में स्वास्थ्य शिविर लगाया। डॉ.इमरान खान ने उपचार कर दवाएं दी।
तीन मरीज स्वाइन फ्लू के मिले हैं, लेकिन वह पहले से ही लखनऊ में भर्ती हैं। तीनों मरीजों के घर टीम को भेजा जाएगा। स्वाइन फ्लू से बचने के लिए सभी को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा जा रहा है। तीन दिन से ज्यादा बुखार आने पर जांच कराने के लिए भी कहा जा रहा है।
-डाॅ. विवेक मिश्रा, सीएमओ
