विद्यार्थियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, गूंजे राष्ट्रभक्त्ति के घोष
जेएनएन, शाहजहांपुर : माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों ने सोमवार को हर घर तिरंगा यात्रा निकाली। वंदेमातरम व भारत माता के जयघोष के साथ निकाली गई तिरंगा यात्रा में डीएम समेत अधिकारी व बच्चे शामिल रहे। शहीद उद्यान पहुंचने पर जिलाधिकारी समेत अधिकारियों ने बलिदानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने सोमवार सुबह कलक्ट्रेट से झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। डीएम समेत एडीएम, रामसेवक द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह, एसडीएम सुप्रिया गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक समेत अधिकारी यात्रा के साथ में चले। कचहरी चौराहा होती हुई तिरंगा यात्रा शहीद उद्यान पहुंची। जहां अधिकारियों ने अमर बलिदानी राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह आदि की प्रतिमाओं पर माल्याणर्पण किया। वातावरण वंदेमातरम तथा भारतमाता के जयघोष से गुंजायमान रहा। राजकीय इंटर कालेज के क्रीड़ा मैदान के सांस्कृतिक मंच पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा व रंगोली में डा. सुदामा प्रसाद, आर्य कन्या, आर्य महिला इंटर कालेज, जीजीआइसी, एसपी कालेज, इस्लामियां इंटर कालेज आदि के छात्र-छात्राएं समेत जीआइसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह, रामपाल सिंह, अनिल मालवीय, राम सिंह, संजय मिश्रा, रत्नेश शुक्ला, राजन प्रजापति, इस्लामियां इंटर कालेज के मोहम्मद अयूब, राहुल सिंह आदि शामिल रहे।
तिरंगा यात्रा के बाद बनाई मानव श्रृंखला
संस, पुवायां : कैंब्रिज कन्वेंट के छात्र छात्राओं ने सोमवार को तिरंगा यात्रा के साथ मानव श्रृंखला बनाकर तथा राष्ट्रगान गाकर हरघर तिरंगा का संदेश दिया। डायरेक्टर विपिन अग्रवाल, सह डायरेक्टर रचित अग्रवाल, विनायक अग्रवाल आदि ने कार्यक्रम पर प्रकाश डाला। बच्चों के साथ अभिभावक भी यात्रा में शामिल रहे।
भाकियू ने भी जयघोष के साथ निकाली तिरंगा यात्रा
भारतीय किसान यूनियन किसान सरकार की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष पवन कश्यप की अगुवाई में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन से निकाली गई तिरंगा यात्रा शहीद पार्क पहुंची। जहां किसानों ने अमर बलिदानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तिरंगा यात्रा में दिनेश सिंह, आसाराम चौधरी, गया प्रसाद, राकेश कश्यप, गुरुदेव सिंह, अनुराग यादव, राममोहन, मालती मिश्रा, अंबिका पाल, अनुपम वर्मा आदि शामिल रहे।