यातायात लाइट को निगम का 'रेड सिग्नल'
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने दावे किए थे। यहां यातायात निरीक्षक की भी नियुक्त की गई थी। यातयात लाइट लगाई जानीं थीं जिसके लिए चार चौराहे भी चिह्नित किए गए थे लेकिन दो साल बाद भी व्यवस्थाएं जस की तस हैं।
जेएनएन, शाहजहांपुर : शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने दावे किए थे। यहां यातायात निरीक्षक की भी नियुक्त की गई थी। यातयात लाइट लगाई जानीं थीं, जिसके लिए चार चौराहे भी चिह्नित किए गए थे, लेकिन दो साल बाद भी व्यवस्थाएं जस की तस हैं।
जिले में एक साल से अधिक समय तक तैनात रहे यातायात निरीक्षक मानेंद्र सिंह ने तिराहे-चौराहों पर जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं का प्लान तैयार करके तत्कालीन नगर आयुक्त विद्याशंकर को दिया था, लेकिन उसके बाद काम आगे नहीं बढ़ा। अब यातायात निरीक्षक का भी यहां से तबादला हो गया है। उनके स्थान पर दूसरी तैनाती नहीं हुई है।
चार चौराहों को किया गया था चयनित
पहले चरण के लिए चार चौराहों को यातायात सिग्नल लाइट लगाने के लिए चयनित किया गया था, जिनमें खिरनीबाग, अंटा, लाल इमली व हथौड़ा चौराहा शामिल थे।
पत्तू लाल चौराहे पर नहीं मिली पर्याप्त जगह
शहर में पांच प्रमुख चौराहे हैं, जिसमे पुत्तू लाल चौराहे पर सिग्नल लाइट लगने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बताई गई थी। जिस वजह से इसे प्रस्ताव में शामिल नहीं किया गया।
वर्जन
स्मार्ट सिटी में ट्रैफिक सिग्नल का प्रस्ताव भेजा गया था। मंजूरी मिलते ही काम शुरु करा दिया जाएगा।
संतोष शर्मा, नगर आयुक्त