घर आने से मना किया तो बुजुर्ग को पीटा
बंडा क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने बुजुर्ग को पीटकर घायल कर दिया।
शाहजहांपुर : बंडा क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने बुजुर्ग को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपने घर आने से दबंग परिवार के युवक को रोक रहा था। पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने देर शाम तक आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली किशोरी ने बताया कि वह कक्षा आठ में पढ़ती है। उसके माता पिता लुधियाना में काम करते हैं। वह गांव में अपने ताऊ के साथ रहती है। किशोरी ने बताया कि गांव का ही एक युवक उसके घर बार-बार आता था। वह भी युवक को मना करती थी, लेकिन आरोपित नहीं मान रहा था। ताऊ ने भी बार बार मना किया। इससे नाराज युवक ने कुछ लोगों के साथ मिलकर उसके ताऊ को जमकर पीटा। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद यूपी 100 पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने समझौता करा दिया। पुलिस के समझौता कराने से दबंगों के हौसले बुलंद हो गए। पुलिस चली गई तब दोबारा बुजुर्ग को पीटा।
डर के कारण नहीं की मदद
पीड़ित किशोरी ने बताया कि दबंग लोग उसके ताऊ को पीटते रहे, वह मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि उसके ताऊ को बचा सके। किशोरी व उसके परिवार वाले किसी तरह रिक्शा ठिलिया के जरिये गांव से 12 किमी. दूर थाने में घायल बुजुर्ग को लेकर पहुंचे। पूरी बात सुनने के बाद घायल को सीएचसी के लिए भेजा गया। बताया जाता है कि दोनों पक्ष अलग-अलग बिरादरी के हैं। आरोपित जिस पक्ष के हैं उन लोगों का ज्यादा प्रभाव है।
एसओ तेजपाल ¨सह ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोप सही पाये जाने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। गांव के प्रधान अर¨वद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन बाद में 100 डायल के सामने समझौता हो गया। उसके बाद मारपीट व ठिलिया से थाने ले जाने की सूचना नहीं मिल पायी।