श्रमजीवी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में मिली गंदगी, दूध और मसालों के लिए गए नमूने
मुरादाबाद मंडल के एडीएमई ने शाहजहांपुर में श्रमजीवी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार का औचक निरीक्षण किया। गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई गई और दूध व धनिया पाउडर के नमूने लिए गए।

श्रमजीवी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में मिली गंदगी।
HighLights
श्रमजीवी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में गंदगी पाई गई।
दूध और धनिया पाउडर के नमूने जांच हेतु लिए गए।
वेंडरों के पहचान पत्र और मेडिकल प्रमाणपत्र जांचे गए।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। डाउन लाइन की श्रमजीवी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में शनिवार शाम मुरादाबाद मंडल के एडीएमई विनोद कुमार ने टीम के साथ छापा मारा। पेंट्रीकार में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कर्मचारियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
मंडल अधिकारियों के निर्देश पर की गई जांच के दौरान टीम ने यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता परखी। दूध और धनिया पाउडर मसाले का नमूना लिया गया।
इसके अलावा पेंट्रीकार में कार्यरत वेंडरों के परिचय पत्र और मेडिकल प्रमाणपत्र भी जांचे गए। एडीएमई ने निर्देश दिया कि सभी वेंडर अपना परिचय पत्र गले में डालकर रखें, ताकि उनकी पहचान आसानी से हो सके।
अधिकारियों ने ट्रेन में यात्रियों से पानी की बोतल के मूल्य की भी जानकारी ली। यात्रियों ने बताया कि उन्हें पानी की बोतल 14 रुपये में दी गई। टीम ने पेंट्रीकार में रखी खाद्य सामग्री समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में सीएमआइ एसके ठाकुर, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक त्रिलोक चंद्र, शशांक पांडेय आदि शामिल रहे।
