सड़क हादसे में कांवड़िया की मौत
्रॉली के डाला पर बैठा कांवड़िया झटका लगने से सड़क पर गिर गया।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर: ट्रॉली के डाला पर बैठा कांवड़िया झटका लगने से सड़क पर गिर गया। पीछे से आ रहे वाहन ने उसको कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना निगोही क्षेत्र के गांव घाटबोझ निवासी बालकराम का 17 वर्षीय बेटा अनिल गांव के करीब 50 लोगों के साथ शनिवार की शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से फर्रूखाबाद घटिया घाट से कांवड़ भरने गया था। सोमवार को गोला में कांवड़ चढ़ाने के बाद अनिल ट्रॉली के डाले के बैठकर घर लौट रहा था। डाला के पास डीजे के स्पीकर लगे हुये थे। रात करीब 11 बजे निगोही रोड पर गांव चेना रुरिया के पास अचानक झटका लगने से अनिल डाले से सड़क पर गिर गया।स्पीकर लगे होने की वजह से ट्रॉली में सवार लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इसी बीच पीछे से आये किसी वाहन ने अनिल को रौंद दिया। काफी दूर निकलने के बाद उसके साथियों को अनिल के गिरने की जानकारी हुई। वह तुरंत ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके पर पहुंचे। उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनिल की मौत से साथियों मातम छा गया। हादसे की खबर सुनकर मृतक के घर में कोहराम मच गया। मृतक की मां मीना देवी बेटे की मौत से बेसुध हो गई हैं। अनिल दो भाइयों में एक बहन में सबसे बड़ा था। उससे छोटा छोटू, विशाल और बहन मीना है। अनिल निगोही एक स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र था।