शाहजहांपुर में पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
शाहजहांपुर में कैमुआ नाला के पास एक गड्ढे में नहाते समय विनय और करन नामक दो किशोरों की डूबने से मृत्यु हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कैमुआ नाला के पास गड्ढे में डूबे दो किशोर।
विनय और करन की डूबने से हुई मृत्यु।
'धरती के फूल' बीनने गए थे बच्चे।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। रेलवे ट्रैक की मरम्मत के समय दो वर्ष पूर्व खोदा गए 12 फीट गहरे गड्ढे में सोमवार को दो किशोर दफन हो गए। वर्षा का पानी भरने से किशोरों को उसकी गहराई का अनुमान नहीं था। वे पानी में नहाने के लिए तो उसी में समाते चले गए। एक अन्य किशोर को उसके साथियों ने समय रहते बाहर खींच लिया। ग्रामीणों में आक्रोश है कि रेलवे ने ट्रैक पर मिट्टी भराव के लिए गड्ढा खोदवाया, उसी हालत में छोड़ दिया। गड्ढे के चारों ओर बैरीकेडिंग थी ना ही कोई चेतावनी बोर्ड।
कैमुआ नाला पुल के पास रेल ट्रैक की मरम्मत हुई थी। उस कार्य के लिए मिट्टी की जरूरत पड़ने होने पर रेलवे प्रशासन ने कुछ दूरी पर गड्ढा खोदवा दिया था। वर्षा के दौरान उसमें पानी भर गया था। सोमवार को किसान राजीव कुमार का 12 वर्षीय बेटा विनय व ओमकार का 11 वर्षीय बेटा करन अपने दोस्त, दीपक, आयुष, मुकेश व ओमवीर के साथ खेलने निकला था।
ग्रामीणों के अनुसार, वे सभी कैमुआ पुल के पास पहुंचे। वहां गड्ढे में पानी भरा देखकर विनय, करन और दीपक नहाने के लिए उतर गए। गहराई अधिक होने के कारण तीनों डूबने लगे तो बाहर खड़े साथियों ने दीपक को बाहर खींच लिया। विनय व करन दूर थे, इसलिए उन्हें मदद नहीं मिल सके।
वे दोनों पानी में डूबे तो अन्य साथी शोर करते हुए घरों की ओर भागे। इस बीच विनय के चाचा राजेश बचाव कार्य के लिए पानी में उतरे तो वे भी डूबने लगे। उन्हें अन्य ग्रामीणों ने बाहर निकाला। कुछ देर बाद विनय व करन के शव मिले।
ग्रामीणों ने रेलवे के विरुद्ध आक्रोश जताया तो विधायक सलोना कुशवाहा ने जांच एवं आर्थिक मदद का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि स्वजन ने तहरीर दिए बिना दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि रेलवे ने अपनी भूमि पर गड्ढा खोदवाया था। इस समय कैमुआ नाला बरसात के पानी के कारण उफना रहा है। लोगों को वहां जाना ही नहीं चाहिए था। इसमें रेलवे प्रशासन की लापरवाही नहीं है। उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी।
बरेली में वर्षा से उफनाए नाले में बालक की डूबकर मौत, पटरियों पर भी जलभराव
रविवार से सोमवार दोपहर तक हुई भीषण वर्षा में एक दर्जन से अधिक मकान गिर गए। रेलवे जंक्शन की पटरियों पर जलभराव होने से कुछ ट्रेनों का आवागमन बाधित हुआ। इसके अलावा, कुरतरा में 10 वर्षीय भास्कर दोपहर को खेत से लौट रहा था। रास्ते में पुलिया के नीचे नाला उफना रहा था। वह पुलिस पर बैठकर उसे देखने लगा, उसी दौरान पैर फिसल गया। नाले में डूबने से उनकी मौत हो गई।
