विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर में लापरवाही से प्रसूता की मौत, अस्पताल संचालक और डॉक्टर पर FIR दर्ज

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:08 PM (IST)

शाहजहांपुर के पुवायां स्थित चरक अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही से एक प्रसूता की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया।

अस्पताल में प्रसूता की मौत।

अस्पताल में प्रसूता की मौत।

HighLights

  1. पुवायां के चरक अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत।

  2. परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम किया।

  3. अस्पताल संचालक और डॉक्टर पर गैरइरादतन हत्या का मामला।

संवाद सहयोगी, शाहजहांपुर। पुवायां स्थित चरक अस्पताल में आपरेशन में लापरवाही से प्रसूता की मौत हो गई। इससे आक्रोशित स्वजन ने गुरुवार को पलिया-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। उनका आरोप था कि अस्पताल संचालक फिरोज ने विशेषज्ञ महिला चिकित्सक नहीं होने के बावजूद प्रसूता को भर्ती किया।

इसके बाद शहर से आए डा.केपी ने नशे में आपरेशन किया, जिससे प्रसूता की जान चली गई। एक घंटा हंगामे के बाद पुलिस ने फिरोज व डा. केपी पर गैरइरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी लिखी। अब स्वास्थ्य विभाग जांच करेगा कि अस्पताल का पंजीकरण था या नहीं।

ककरहा बेहटा निवासी जूली को आठ सितंबर को प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे। उनके ससुर जोगराज ने बताया कि रास्ते में जूली की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर खुटार रोड स्थित चरक अस्पताल में ले जाना पड़ा।

नर्सिंग स्टाफ ने उन्हें देखते ही कह दिया कि तुरंत आपरेशन से प्रसव कराना पड़ेगा। उनसे कहा कि आपरेशन न करें, क्योंकि अस्पताल में महिला चिकित्सक नहीं हैं। इसके बावजूद स्टाफ ने दबाव डाला। अस्पताल संचालक फिरोज ने शहर से डॉ. केपी को बुलाया। इसके बाद 40 हजार रुपये जमा कराकर ऑपरेशन किया।

आरोप है कि आपरेशन थियेटर में जाते समय डॉ. केपी नशे में थे। उन्होंने इसी अवस्था में आपरेशन किया। जूली ने बेटे को जन्म दिया, जिसके कुछ देर बाद हालत बिगड़ गई। यह देखकर अस्पताल संचालक फिरोज ने आनन-फानन बरेली रेफर कर दिया। वहां बुधवार दोपहर को जूली की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार शाम को शव ले जाते समय स्वजन ने गांव के पास हाईवे राजमार्ग पर एंबुलेंस खड़ी कर जाम लगा दिया। पुलिसकर्मी उन्हें जबरन हटाने पहुंचे तो नोकझोंक हुई।

आरोप है कि महिलाओं से अभद्रता भी की गई। बाद में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के आश्वासन पर जाम खोला। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि संचालक फिरोज अस्पताल में ताला डालकर भाग गया, उसकी तलाश की जा रही।

सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि अस्पताल का पंजीकरण व फिरोज की डिग्री की जांच के लिए शुक्रवार को टीम भेजी जाएगी। जूली के पति किशनपाल ने बताया कि यह उनका पहला बच्चा है। उसे एसएनसीयू वार्ड में रखा गया है।