खाना बनाते समय लगी आग, दंपती समेत सात झुलसे
खाना बनाते समय बुधवार को सिलेंडर लीक हो गया। जिससे दंपती समेत सात लोग झुलस गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
जेएनएन, निगोही, शाहजहांपुर : खाना बनाते समय बुधवार को सिलेंडर लीक हो गया। जिससे दंपती समेत सात लोग झुलस गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र के गुरगंवा गांव निवासी रामवीर की पत्नी विमला देवी खाना बना रही थी। गैस सिलेंडर लीक होने की वजह से आग लग गई। जिससे विमला देवी झुलस गई। शोर-शराबा सुनकर रामवीर उसके पिता मेवाराम उनकी पत्नी वीरावती, बेटी सरस्वती, बेटा सतेंद्र व अंशुल भी रसोई में पहुंच गए। विमला देवी को बचाने व आग बुझाने में यह सभी लोग झुलस गए। इसके बाद लोगों ने डायल 112 पर फोन किया। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भी घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आग पारिवारिक कलह में लगाने की संभावना लग रही है। मामले की जांच कराई जा रही है।