यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बहू का हो रहा था अंतिम संस्कार, सास की थमी सांस
कलान की कटरी में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है।

शाहजहांपुर : कलान की कटरी में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। दम्मन नगला गांव में बुखार ने सास बहू की जान ले ली वह भी एक ही दिन में। बहू की जब अंत्येष्टि हो रही थी, उसी दौरान घर में सास की सांसे थम गई। क्षेत्र में चौबीस घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत हुई है। प्रत्येक गांव के बुखार से लोग बेहाल है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से स्वास्थ्य शिविर नहीं लगाया गया है।
क्षेत्र के गांव दम्मन नगला निवासी अवधेश की 23 वर्षीय पत्नी श्रीदेवी को करीब दो माह से बुखार आ रहा था। परिजन उनका इलाज अल्हागंज और कलान में झोलाछाप के पास इलाज करा रहे थे। रविवार की सुबह श्रीदेवी की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक श्रीदेवी ने दम तोड़ दिया। मृतका के दो माह का बेटा है। दोपहर को परिजन गंगा घाट पर श्रीदेवी के शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे। तभी उनकी सास 80 वर्षीय रामदेवी की मौत हो गई। रामदेवी को भी पिछले 20 दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका इलाज भी झोलाछाप से करा रहे थे। एक साथ परिवार में बुखार से दो मौत कोहराम मच गया। इसी गांव के निवासी मंदराम की 55 वर्षीय पत्नी श्रीपति को पिछले एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। परिजन उनका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में करा रहे थे। सोमवार की सुबह उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तब तक श्रीपति ने दम तोड़ दिया। मृतका के छह बच्चे हैं। अचानक हुई तीन मौत से गांव में मातम छा गया है।
--------------
वर्जन-
गांव में कैंप लगाकर दवाओं का वितरण किया जायेगा। डॉक्टरों की टीम को गांव में भेजा जा रहा है। इलाज के साथ ही खून की जांच भी कराई जाएगी।
डॉ. आरपी रावत, सीएमओ बुखार से बच्ची समेत दो की और मौत
जलालाबाद के मुहल्ला प्रेमनगर निवासी सुमित गुप्ता की पांच वर्षीय पुत्री शमा को पांच दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसको झोलाछाप से दवा दिला दी थी। जिससे उसको आराम मिल गया। रविवार की सुबह अचानक उसे तेज बुखार आ गया। परिजनों ने फिर उसे झोलाछाप से दवा दिलवाई, लेकिन उसको फायदा नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने एक निजी डॉक्टर से उसे दवा दिलाई। रविवार शाम को उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसको डॉक्टर के पास ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया।
-----------------------------
संवाद सहयोगी, कलान: परौर निवासी ढपलू 35 वर्षीय बन्नो बेगम को करीब एक सप्ताह से बुखार रहा था। परिजनों ने उसको कलान में दवा दिलाई थी। जिससे उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने उसे फर्रूखाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान रविवार की शाम उसकी मौत हो गई। बन्नो बेगम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका के दो बेटे और चार बेटियां हैं।
