साहब चुनाव में व्यस्त हैं..बाद में आना
साहब चुनाव में व्यस्त हैं। इस लिए जो भी काम हैं वह दो माह बाद होंगे।
जेएनएन, शाहजहांपुर : साहब चुनाव में व्यस्त हैं। इस लिए जो भी काम हैं वह दो माह बाद होंगे। इस तरह के जवाब जिला मुख्यालय पर आने वाले फरियादियों को कार्यालयों के कर्मचारियों से मिल रहे हैं।
आचार संहिता लागू होते ही पूरा प्रशासनिक व पुलिस का अमला चुनावी तैयारियों में जुट गया हैं। डीएम व एसपी कभी मीटिग तो कभी मतदान बूथों का निरीक्षण या लाट साहब के जुलूस की तैयारियों में व्यस्त हैं। फरियादियों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गईं, लेकिन अधीनस्थों की मनमानी के कारण शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक में फरियादियों को भटकना पड़ रहा हैं। ------------
नगर निगम : साढ़े दस बजे नगर आयुक्त विद्याशंकर सिंह के कार्यालय में सन्नाटा पसरा था। अपर नगर आयुक्त व जीएम जल नीरज गौड़ का बीते दिनों स्थानांतरण हो गया हैं। जिस वजह से निगम की पूरी जिम्मेदारी संयुक्त नगर आयुक्त एसके सिंह संभाल रहे हैं। एसके सिंह लगभग दस बजे कार्यालय पहुंचे और विभागीय कार्यों को निपटाने में जुट गए। ----- कलेक्ट्रेट : 10 बजकर 45 मिनट पर कलेक्ट्रेट में कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं था। कुछ फरियादी अधिकारियों का इंतजार कर रहे थे। इस बीच विकासखंड सिधौली के गांव मियापुर निवासी दिव्यांग छोटे भी फरियाद लेकर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि व्हीलचेयर नहीं मिल रही है। जिसके लिए काफी समय से चक्कर लग रहे हैं। आज भी अधिकारी नहीं मिले तो बाबुओं से जानकारी की।
------ पूर्ति कार्यालय : लगभग 11 बजे कार्यालय के एक गेट में ताला लटक रहा था। जबकि जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय में कुछ लोग बैठे थे। कार्यालय का दरवाजा भी बंद था। राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का निराकरण कराने आये लोगों के कागजात सुरक्षा में तैनात कर्मचारी देख रहे थे।