शाहजहांपुर से नोएडा जा रहे पुलिसकर्मी की गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे में मौत, मेरठ मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
शाहजहांपुर से नोएडा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे पुलिसकर्मी सुमित कुमार सैनी की गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
शाहजहांपुर के पुलिसकर्मी सुमित कुमार सैनी की हादसे में मौत।
गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटा सरकारी वाहन।
वीआईपी ड्यूटी के लिए नोएडा जा रहे थे सिपाही।
संवाद सहयोगी, बहादुरगढ़। नोएडा में वीआईपी ड्यूटी के लिए शाहजहांपुर से सरकारी वाहन लेकर जा रहे पुलिसकर्मी की गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में मौत हो गई। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में आलमनगर गांव के पास बुधवार शाम पुलिस की टाटा सूमो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गई और रेलिंग से टकरा गई।
हादसे में कार चला रहे सिपाही सुमित कुमार सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मुजफ्फरनगर के तितावी थानाक्षेत्र के गांव जसोई गांव के रहने वाले सुमित कुमार सैनी शाहजहांपुर पुलिस लाइन में तैनात थे। बुधवार को वह शाहजहांपुर से सरकारी पुलिस वाहन लेकर नोएडा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
शाम करीब छह बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर आलमनगर गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। उनका वाहन डिवाइडर पर चढ़ने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गया और रेलिंग से टकराकर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके से गुजर रहे एक पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार ने घायल सुमित को देखा। वह अपने परिवार के साथ निजी कार से गुजर रहे थे। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें देवनंदिनी अस्पताल हापुड़ और उसके बाद मेरठ भेज दिया। पुलिस के अनुसार, घायल सिपाही सुमित की उपचार के दौरान मेरठ मेडिकल कालेज में सुमित की मौत हो गई। हादसे की सूचना सिपाही के स्वजन और शाहजहांपुर के पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर पुलिस का सरकारी वाहन हादसे का शिकार हो गया। जिसमें वाहन चला रहा कांस्टेबल सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हमने सीसीटीवी की रिकार्डिंग को मंगवा लिया है। - कुंवर ज्ञानंजय सिंह - पुलिस अधीक्षक ।
