पत्नी के प्रेमी ने की थी जदुवीर की हत्या
करीब एक माह पहले हुए जदुवीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
जेएनएन, बंडा, शाहजहांपुर : करीब एक माह पहले हुए जदुवीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी के प्रेमी ने की थी। इस साजिश में पत्नी भी शामिल थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव अख्तियारपुर धौकल निवासी जदुवीर 30 सितंबर को अपना खेत देखने गया था। अगले दिन एक अक्टूबर को उसका शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ था। उसका पेट फटा हुआ था। पुलिस ने जदुवीर के बेटे रामगोपाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। खुलासे के लिए टीम गठित की गई थी। करीब एक माह तक चली पड़ताल में जो तथ्य सामने आए चौंकाने वाले थे। हत्या करने वाला कोई और नहीं जदुवीर का चचेरा भाई छत्रपाल निकला। उसके प्रेम संबंध जदुवीर की पत्नी जशोदा से थे। दोनों के मिलने पर लगातार ऐतराज जताने पर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हंसिये से फाड़ा पेट
पुलिस के मुताबिक छत्रपाल ने 30 सितंबर को जशोदा को क्षेत्र के ही एक गांव में सत्संग में भेज दिया था। रात में जदुवीर अपने खेत पर गया था। जहां वह सो गया। इस बीच छत्रपाल वहां पहुंच गया। उसने हंसिये से उसका पेट फाड़ दिया। आंते निकालकर फेंक दी। उसके बाद शव को लिटा दिया। ताकि लगे जदुवीर की मौत किसी जंगली पशु के हमले में हुई है। उसके बाद करीब आधा किमी. दूर नहर के पास जाकर हंसिया फेंक दिया। वहां से घूमते हुए वह गांव पहुंचा। अगले दिन सुबह परिजनों को जदुवीर की मौत की जानकारी होने पर उनके साथ घटना स्थल पर भी गया। थाने में जाकर तहरीर भी दिलवायी। --------------
सक्रियता देख पुलिस को हुआ शक
घटना के बाद से छत्रपाल बराबर जदुवीर के परिवार के आसपास ही था। उसके छोटे भाई गोकरन से लगातार संपर्क में रहा। छत्रपाल के कहने पर ही पांच दिन बाद हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी गई। उसमें उसने कुछ लोगों के नाम भी शामिल कराए, लेकिन पूछताछ में पुलिस को कुछ हासिल न हुआ। इसके बाद छत्रपाल बराबर गिरफ्तारी के लिए दबाव डाल रहा था, उसकी सक्रियता देख पुलिस को शक होने लगा। पूछताछ में उगला पूरा सच
कुछ दिन पहले वह अपने मौसेरे भाई रामचंद्र के पास बरीबरा गांव गया। वहां उसने बातों में रामचंद्र को पूरी बात बता दी। दो दिन पहले पुलिस भी गांव पहुंची तो उसे इसकी जानकारी लगी। जिसके बाद उसने छत्रपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया। उसने बताया कि पूरी जानकारी जशोदा को भी थी, जिसके आधार पर साजिश में उसे भी शामिल मानते हुए पुलिस ने सुबह गिरफ्तार कर लिया। थाने में पूरे समय जशोदा चुप रही, लेकिन छत्रपाल ने पूरी कहानी बयां की।
बार-बार कर रहे थे ऐतराज
जदुवीर व जशोदा के विवाह को करीब तीस वर्ष हो गए थे। शादी के दस वर्ष बाद जदुवीर का पैर टूट गया था, जो सही नहीं हो सका। दूर का रिश्तेदार होने के कारण छत्रपाल का जदुवीर के घर आना जाना था उसकी नजदीकी जशोदा से बढ़ने लगी। जदुवीर ने कई बार ऐतराज भी जताया, पर नहीं माना। दो वर्ष पूर्व जदुवीर के बड़े बेटे अमरजीत का विवाह हो गया, जिसके बाद जदुवीर ने छत्रपाल के घर आने पर रोक लगा दी थी। यह बात छत्रपाल को बर्दाश्त नहीं हुई और उसने हत्या की साजिश रची। उसकी माने तो जशोदा ने भी अपनी सहमति दी थी। वर्जन :
छत्रपाल व जदुवीर की पत्नी में संबंध थे। जदुवीर इसको लेकर ऐतराज करता था, जिस पर छत्रपाल ने उसकी हत्या कर दी। दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
राजेंद्र बहादुर सिंह, एसओ बंडा