बुलंदशहर के भी ध्यानार्थ ..... हेड कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत
ड्यूटी करने के बाद बैरक में सो रहे हेड कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
- शाम को ड्यूटी करके सो गए थे बैरक में
- सुबह मृत अवस्था में बिस्तर पर पाए गए
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर: ड्यूटी करने के बाद बैरक में सो रहे हेड कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की वजह हार्ट अटैक बताई गई है।
जिला बुलंदशहर के थाना डिबाई क्षेत्र के गांव घोसीपुर निवासी 55 वर्षीय हेड कांस्टेबल श्याम कुमार पुलिस लाइंस में तैनात थे। उनकी गेट पर ड्यूटी लगती थी। शाम को सात बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह बैरक में चले गए। रात होने पर वह चारपाई पर सो गए। सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठे तो साथियों ने उनको उठाने का प्रयास किया। उनकी मौत हो चुकी थी। आरआइ समेत पुलिस लाइंस का स्टाफ पहुंच गया। दोपहर करीब तीन बजे उनका बेटा ललित पुलिस लाइन पहुंचा। ललित ने बताया कि उनके पिता चार साल से बीमार चल रहे थे। उनको किडनी और हार्ट की बीमारी थी। उनका नोएडा के एक निजी अस्पताल से इलाज चल रहा था। 12 जुलाई को उन्होंने दो साल मेडिकल छुट्टी के बाद फिर ड्यूटी ज्वाइन की थी। ललित के मुताबिक शाम को ड्यूटी खत्म होने के बाद उनकी पिताजी से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि आज खाना खाने का मन नहीं है सेब खाकर सो जाएंगे। इसके बाद जब उन्होंने सुबह पिता को फोन लगाया तो नहीं उठा। बाद में आरआइ ने उन्हें घटना की जानकारी दी। ललित झांसी में एक निजी अस्पताल में चिकित्सक हैं। उनकी छोटी बहन नीरज इलाहबाद से पीएचडी कर रही हैं। पिता की मौत की जानकारी मां नीरज को नहीं दी है। पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने शव पुलिस वाहन से रवाना कर दिया।