जीपीएस ने शाहजहांपुर में पराली जलाते 74 किसानों को पकड़ा, साढ़े छह लाख का जुर्माना
उप कृषि निदेशक प्रभाकर सिंह तथा जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक के निर्देशन में टीमों ने छापा मारकर पर्यावरण के 74 दुश्मनों को पकड़ा।
शाहजहांपुर (जेएनएन)। पर्यावरण के दुश्मनों पर 'आसमानी पहरा सख्त हो गया है। बुधवार को इसका असर भी दिखा। जीपीएस से पराली जलाने की सूचना मिलते ही डीएम अमृत त्रिपाठी ने 55 टीमों को क्षेत्र में उतार दिया। उप कृषि निदेशक प्रभाकर सिंह तथा जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक के निर्देशन में टीमों ने छापा मारकर पर्यावरण के 74 दुश्मनों को पकड़ा। इन सभी किसानों पर उनकी जमीन के अनुरूप जुर्माना डाला। सदर तथा पुवायां क्षेत्र के 36 किसानों से 15-15 हजार, 10 किसानों से 5-5 हजार, 28 किसानों में प्रत्येक से 2500 का जुर्माना वसूली का नोटिस जारी हुआ है।
अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
पराली पर्यावरण के लिए गंभीर संकट पैदा कर रही है। दैनिक जागरण लगातार इस मुद्दे को उठा रहा। बावजूद इसके कुछ किसान लापरवाह बने हुए हैैं। खासकर रुहेलखंड में हाल बेहद खराब है। खेतों में फसल का अपशिष्ट जलाने की सर्वाधिक शिकायतें बरेली, मुरादाबाद व लखनऊ मंडल से मिलीं हैैं। यही कारण है, खामोशी से इन जिलों में आसमान पहरा बैठाया गया। नतीजे सामने आए तो उनमें शाहजहांपुर, खीरी, रामपुर, पीलीभीत, मथुरा, बाराबंकी, औरैया जिले उम्मीद से ज्यादा बेपरवाह निकले। शाहजहांपुर में सर्वाधिक शिकायत दर्ज हुईं। साख पर बट्टा लगता देख प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का मन बना लिया।
पराली जलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। इसके लिए निगरानी शुरू कर दी गई है। जो किसान ऐसा करेंगे उनके ऊपर जुर्माना लगाया जाएगा। वह जितनी बार पराली जलाएंगे, उतनी ही बार जुर्माना लगेगा।
अमृत त्रिपाठी, डीएम