पहले की सराहना फिर लगा दिया जुर्माना
नगर निगम प्रशासन आये दिन मनमानी को लेकर सुर्खियों में रहता है।
शाहजहांपुर : नगर निगम प्रशासन आये दिन मनमानी को लेकर सुर्खियों में रहता है। कभी बिना कनेक्शन वालों के यहां वाटर टैक्स जमा करने के नोटिस भेज दिये जाते हैं तो कभी उन लोगों पर भी जुर्माना लगा दिया जाता है, जिन्हे चंद दिनों ही खुद नगर निगम प्रशासन ही सम्मानित कर चुका है।
स्वच्छता सर्वेक्षण के पहले चरण में बाडू़जई प्रथम निवासी डेयरी संचालक प्रमिला देवी के घर के आस-पास बेहतर साफ-सफाई मिली थी। साथ ही स्वच्छता को लेकर वह अन्य लोगों को भी जागरूक करती मिली, जिस पर डीएम व नगर आयुक्त के हस्ताक्षर युक्त प्रमाण पत्र नगर निगम के अधिकारियों ने प्रमिला देवी को देकर सम्मानित किया था। जब स्वच्छता सर्वेक्षण का दूसरा चरण शुरू हुआ तो प्रमिला देवी पर गंदगी फैलाने के आरोप में दो हजार रुपये की रसीद काट दी। प्रमिला ने बताया कि साफ-सफाई को लेकर हमेशा से ही लोगों को जागरूक किया है। इसके अलावा खुद भी इसका पालन करते है, लेकिन गुरुवार देर शाम लगभग सात बजे नगर निगम की टीम ने दो हजार रुपये की रसीद यह कहते है काट दी कि उनकी डेयरी का गोबर नाली में बहाया जाता है। इस बाबत संबंधित अधिकारी को बताया भी कि यह गंदगी उनकी डेयरी से नहीं फैलाई गई है। जांच टीम की शिकायत करने प्रमिला देवी शुक्रवार को नगर निगम भी पहुंची लेकिन यहां भी उन्हें टरका दिया गया। उन्होंने बताया कि इस बावत डीएम से शिकायत करेंगे।