पिस्टल लगाते वक्त जिला पंचायत अध्यक्ष को लगी गोली
पिस्टल लगाते समय अचानक गोली चलने से जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव घायल हो गए।
जेएनएन, शाहजहांपुर : पिस्टल लगाते समय अचानक गोली चलने से जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव घायल हो गए। आनन फानन उनको जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत सामान्य है।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव नियामतपुर गांव स्थित आवास में थे। रात करीब साढ़े आठ बजे रधौली गांव में एक दावत में जाने के बाद अपने कार में बैठ गए। बैठे-बैठे ही वह अपने कमर में लाइसेंसी पिस्टल लगा रहे थे कि गोली चल गई। जोकि उनके दायें पैर में जांघ के पास जा धंसी। अचानक गोली चलने से अफरा तफरी मच गई। साथ के लोग उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किए जाने की तैयारी की जाने लगी।
सूचना पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसपी डा. एस चिनप्पा, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता मुन्ना समेत बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के पिता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव से घटना की जानकारी ली।
---------------
जिला पंचायत अध्यक्ष के पैर में गोली धंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए आपरेशन करना होगा। उनकी स्थिति सामान्य है।
- डा. एमपी गंगवार, सीएमएस जिला पंचायत अध्यक्ष के पिता से जानकारी ली है। उन्होंने बताया है कि चूकवश गोली लग गई।
-डा. एस चिनप्पा, एसपी