महिला को लगा हाथ तो बरातियों व जनातियों में हुई हाथापाई
जेएनएन, शाहजहांपुर : बरात में आई महिला को युवक का हाथ लग गया, जिस पर महिला के स्वजन ने आपत्ति की तो विवाद हो गया। बरातियों व जनातियों के बीच जमकर हाथापाई हुई। सड़क पर भी एक दूसरे को जमकर पीटा। पुलिस पहुंची तो मामला शांत हुआ। दोनों पक्षों की पंचायत कराई तो निकाह करने को तैयार हो गए।
मंगलवार को कांट थाना क्षेत्र के एक गांव से रामचंद्र मिशन क्षेत्र के एक मैरिज लान में बारात आई थी। निकाह की रस्म शुरू होने से पहले बराती खुले मैदान में नाश्ता कर रहे थे। तभी बूंदाबांदी होने लगी, जिससे मैदान में मौजूद बराती व लड़की पक्ष के लोग अंदर हाल की ओर भागे। इस बीच लड़की पक्ष के एक युवक का हाथ बरातियों में शामिल महिला के लग गया, जिससे वह गिर गई। इसको लेकर वहां विवाद होने लगा। अंदर शुरू हुई मारपीट बाहर सड़क पर आ गई। बरातियों व जनातियों को भिड़ते देख राहगीर भी ठिठक गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो थाने से फोर्स पहुंचा। दोनों पक्षों से बात की कर विवाद शांत कराया। इसके बाद मैरिज लान के अंदर ले जाकर वार्ता की तब दोनों पक्ष निकाह की रस्में पूरी करने पर राजी हुए। आरसी मिशन थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शादी समारोह में मारपीट की सूचना पर पुलिस भेजी थी।