शहर के अमन-चैन की दफ्तरों में रही चर्चा
अयोध्या पर सुप्रीम फैसला के साथ ही ईद मिलादुन्नबी व नगर कीर्तन को लेकर अलर्ट अधिकारी सोमवार को थके जरूर दिखे लेकिन अमन चैन पसंद अवाम की तारीफ भी खूब की।
जेएनएन, शाहजहांपुर : अयोध्या पर सुप्रीम फैसला के साथ ही ईद मिलादुन्नबी व नगर कीर्तन को लेकर अलर्ट अधिकारी सोमवार को थके जरूर दिखे, लेकिन अमन चैन पसंद अवाम की तारीफ भी खूब की। रविवार अपराह्न स्थिति सामान्य होने पर अधिकारियों की चिता की लकीरे मिट गई। रात में गहरी नींद भी ली। लेकिन दो दिन की थकान नहीं मिटी। सुबह जनता दरबार के बाद कामकाज निपटाया। इस दौरान अमन चैन की तो चर्चा हुई, लेकिन अयोध्या मामले पर टिप्पणी से सभी बचते नजर आए।
सुबह 9.32 पर पहुंचे डीएम, दोपहर में ढाई घाट निरीक्षण
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ठीक 9.32 बजे दफ्तर आ गए। जनता दरबार में समस्याएं सुनी। पौने 12 बजे एसपी के साथ ढाई घाट रामनगरिया गंगा मेला के निरीक्षण को निकल गए। लेकिन चेहरे पर थकान के भाव साफ दिख रहे थे।
चना, चूरा खाकर एडीएम ने निपटाया काम
एडीएम वित्त एवं राजस्व अमर पाल सिंह सुबह देर रात पुवायां से लौटे। उनकी नींद भी पूरी नहीं हो सकी। दफ्तर में ही उन्होंने चूरा और चना मंगाकर नाश्ता किया। ग्रीन टी ली। दो दिन के पेंडिग काम को निपटाया। बोले शाहजहांपुर की अमन पसंद जनता ने पूरा सहयोग किया।
पीडी ने निपटाए जरूरी काम
सुबह 9.35 बजे डीआरडीए पीडी धर्मेंद्र प्रताप सिंह दफ्तर पहुंचे। उनकी रोजा थाना क्षेत्र में ड्यूटी थी। दो दिन की मुस्तैदी के बाद कामकाज निपटाया। देर शाम तक दफ्तर में रहे। अयोध्या मामले पर किसी ने चर्चा नहीं की, लेकिन शांति के साथ दो त्योहार निपटने अवाम को सभी ने सराहा।
नजारत में शाम तक हुआ काम, चर्चा पर लगा विराम
कलेक्ट्रेट के नजारत कार्यालय में योगेश अग्रवाल, एओ राजीव देव पांडेय समेत काíमक शाम 4.30 बजे विभागीय कार्य की चर्चा में थे। यहां न तो अयोध्या मामले पर चर्चा हुई और न ही शहर के माहौल पर। सभी पेंडिग कार्य को निपटाने में लगे रहे।