कांग्रेसियों ने दिया धरना, जितिन ने भी काली पट्टी बांध जताया विरोध
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार कर लखनऊ जेल में बंद करने के विरोध में कांग्रेसियों ने धरना दिया।
जेएनएन, शाहजहांपुर : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार कर लखनऊ जेल में बंद करने के विरोध में कांग्रेसियों ने धरना दिया। अस्वस्थ होने के बावजूद पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने भी काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। सभी ने एक स्वर में लल्लू की रिहाई व कांग्रेसी नेताओं पर लगे मुकदमों को हटाने की मांग की।
बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता व पूर्व जिलाध्यक्ष कौशल मिश्र के साथ कुछ पदाधिकारी प्रसाद भवन पहुंचे। जहां पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने काली पट्टी बांधकर प्रदेश सरकार की कार्रवाई का विरोध किया। वहीं टाउनहाल स्थित कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रमुख नेताओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए काली पट्टी बांधकर धरना दिया। राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा, जिसमें कहा कि लॉकडाउन में लाखों प्रवासी मजदूर, किसान आवश्यक वस्तुओं के अभाव में संघर्ष कर रहे हैं। परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर प्रवासी लोग हाईवे पर पैदल चल रहे हैं। उन्हें घरों में तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने बसें चलाने का निर्णय लिया, जिसे प्रदेश सरकार ने हठर्धिमता के चलते चलाने की मंजूरी नहीं दी। विरोध करने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार करके लखनऊ जेल भेज दिया। जिला और शहर कमेटियों के अध्यक्षों और पार्टी के नेताओं पर मुकदमे लिखे गए जो गलत है। इस दौरान धर्मेंद्र दीक्षित, विश्वदीप अवस्थी, हरभजन सिंह दुआ, सावित्री शर्मा, फुरकान कुरैशी आदि मौजूद रहे।