व्यापारियों ने टीडीएस से छुटारा दिलाने की उठाई मांग
उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।
जेएनएन, शाहजहांपुर : उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। केंद्रीय वित्त मंत्री को संबोधित मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट विनीता सिंह को दिया। जिसमें कहा गया कि आयकर अधिनियम 1961 के तहत एक करोड़ से ऊपर की राशि पर काटा गया टीडीएस एडी टेन की श्रेणी में आएगा। केस की सुनवाई के दौरान आय से अधिक वसूले गए टीडीएस को विभाग को वापस करना होगा। व्यापारियों ने कहा कि एक करोड़ की राशि से अधिक पर दो प्रतिशत टीडीएस काटने पर व्यापारियों की पूंजी इसी में फंसकर रह जाएगी और वह व्यापार नहीं कर पाएगा। व्यापारियों ने कहा कि देश की गल्ला मंडियों से सीधे रूप से किसानों से जुड़ा हुआ है और वह यहां की मंडियों में माल बेंचने आता है तो चेक प्राप्त करके बाजारों से जरूरत का सामान नहीं खरीद पाएगा। इससे व्यापारी व किसानों को परेशानी होगी। ऐसे में व्यापारियों को दो लाख तक का नगद भुगतान किसानों को देने की अनुमति दी जानी चाहिए। साथ ही पंजीकृत व्यापारियों के लिए प्रमाण पत्र जारी किए जाए। जिससे उन्हें टीडीएस कटने की व्यवस्था से मुक्ति मिल सके। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ, जिला महामंत्री नाजिम खां, नगराध्यक्ष सुनील गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, सुरेंद सेठी, अजय कुमार गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, संजीव राठौर, मोहित अग्रवाल, अंकुर मिश्र आदि मौजूद रहे।