जिले में होलिका दहन के बढ़े 86 स्थल
जिले में इस बार 2707 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा जिसमें 86 बड़े स्थल चिह्नित किए गए हैं।
जेएनएन, शाहजहांपुर : जिले में इस बार 2707 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा, जिसमें 86 बड़े स्थल चिह्नित किए गए हैं। जबकि गत वर्ष 2621 स्थानों पर प्रशासन ने अनुमति दी थी। होलिका दहन के मामले में तिलहर क्षेत्र जिले में सबसे ऊपर है। यहां गत वर्ष 231 स्थानों पर होलिका उत्सव मनाया गया था। जबकि इस बार यहां भी संख्या बढ़ा दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने हर मुहल्ले में होली कमेटी के सदस्यों के साथ बैठकें भी की हैं। साथ ही संभ्रांत नागारिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में कोई नई परंपरा न पड़ने दें। ऐसा होने पर कार्रवाई होगी। इस बार हर थाना क्षेत्र में पांच से आठ होलिका दहन के स्थल और बढ़ गए हैं।
एसपी डॉ. एस चिनप्पा ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर नौ मार्च की रात से पुलिस की ड्यूटी हर होलिका स्थल पर रहेगी। पब्लिक को व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए।