बाइक चोरों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
एसपी एस आनंद ने कानून व्यवस्था को बेहतर करने के लिए विशेष अभियान शुरू कराया है। जिसके तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
जेएनएन, शाहजहांपुर : एसपी एस आनंद ने कानून व्यवस्था को बेहतर करने के लिए विशेष अभियान शुरू कराया है। जिसके तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दस बाइक बरामद करने के साथ ही 70 आरोपितों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
एसपी एस आनंद ने सभी थानाध्यक्षों के साथ मीटिग कर बीते दिनों पूरे जिले में अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी अभियान के तहत चौबीस घंटे में 70 से अधिक आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेजे है। जिसमे चौक कोतवाली पुलिस ने चार आरोपितों को पांच चोरी की बाइकों के साथ गिरफ्तार किया है। इसी तरह पांच बाइकें खुदागंज पुलिस ने भी बरामद की थी। इसके अलावा करीब 50 आरोपितों को पुलिस ने सिर्फ कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इसी तरह तमंचा व कारतूस के साथ कई आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े है। एसपी एस आनंद ने बताया कि जिले में लगातार अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलेगा। थानाध्यक्ष लापरवाही बरतेंगे तो कार्रवाई होगी।